उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुवायां क्षेत्र के नत्थापुर गांव में एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के बाद तीन युवक उसकी जलती चिता पर मीट पकाते मिले। मृतक का बेटा दोबारा श्मशान घाट पहुंचा तो उसकी नजर चिता पर पड़ी। वहां तीन युवक डेकची में मीट रखकर उसे चिता की आग पर पका रहे थे। बेटे और उसके रिश्तेदारों ने एक युवक को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दो अन्य बाइक से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाद में दोनों फरार युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया।
मामला थाना पुवायां क्षेत्र के नत्थापुर गांव का है। यहां रहने वाले 60 वर्षीय छोटेलाल की लंबी बीमारी के बाद शनिवार को मौत हो गई थी। रविवार दोपहर परिजन और रिश्तेदार शव का अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंचे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी लोग घर लौट गए। इसके करीब एक घंटे बाद मृतक का बेटा वीरपाल कुछ रिश्तेदारों के साथ दोबारा श्मशान घाट पहुंचा। वीरपाल के मुताबिक, वह यह देखने गया था कि चिता ठीक से जल रही है या नहीं।
यह भी पढ़ें: अतीक और मुख्तार की तस्वीरें, अखिलेश पर निशाना, UP में शुरू पोस्टर की जंग
चिता पर मीट पकता देख रह गया हैरान
श्मशान घाट पहुंचते ही वीरपाल और उसके रिश्तेदारों के होश उड़ गए। आरोप है कि उसके पिता की जलती चिता पर तीन युवक मीट पका रहे थे। मीट एक डेकची में रखा हुआ था और चिता की आग पर उसे पकाया जा रहा था। वीरपाल और उसके साथ मौजूद लोगों ने युवकों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य बाइक से भाग निकले।
एक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
वीरपाल ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को थाने ले गई। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों युवकों की तलाश शुरू की और उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामचरन, सुरेंद्र और राजेंद्र के रूप में हुई है। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे नशे की हालत में थे और इसी दौरान चिता पर मीट पकाने लगे।
यह भी पढ़ें: जितनी ठगी की रकम, उतनी ही होगी फ्रीज; साइबर फ्रॉड में बैंक खाता नहीं होगा बंद
मृतक के बेटे ने दी तहरीर
वीरपाल ने पुलिस को तहरीर देते हुए कहा कि तीनों युवक उसके पिता की जलती चिता पर मीट बना रहे थे। उसने इस घटना को बेहद गलत बताया। मामले में पुलिस ने तहरीर ले ली है।सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
