उत्तर प्रदेश के शामली जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। कांधला कस्बे में 18 वर्षीय हिना की मौत को पहले हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देकर पड़ोसियों पर आरोप मढ़ने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने पूरी कहानी पलट दी। पुलिस के मुताबिक, बेटी के चरित्र पर शक और कथित पारिवारिक बदनामी के डर से पिता और सौतेली मां ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। 

 

शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया और निर्दोष लोगों को फंसाने की साजिश रची गई। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या और साक्ष्य मिटाने समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।शामली के कांधला कस्बे के मोहल्ला इलियास नगर में एक जुलाई को 18 वर्षीय हिना का शव कमरे में पंखे से लटका मिला था। शुरुआती शिकायत में पिता अहसान ने पड़ोस के युवक अकरम और उसके साथी पर घर में घुसकर हत्या करने और शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ पूरा मामला उलट गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुल गया पूरा खेल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि हिना की मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और परिवार के बयानों का मिलान किया। कई विरोधाभास सामने आने पर पुलिस का शक सीधे परिवार पर गया और पूछताछ का दायरा बढ़ा दिया गया।

पूछताछ में पिता और सौतेली मां ने उगला सच

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, सख्ती से पूछताछ में आरोपी पिता अहसान और उसकी दूसरी पत्नी गुफराना ने हत्या की साजिश का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, पहली पत्नी की वर्ष 2020 में मौत के बाद अहसान ने 2021 में दूसरा निकाह किया था। सौतेली मां हिना के एक युवक से बातचीत का विरोध करती थी और उसके चरित्र पर संदेह जताती थी। इसी वजह से दोनों ने हत्या की योजना बनाई।

 

यह भी पढ़ें: 'राजनीति बंद कीजिए, समाधान निकालिए', NEET आंदोलन पर बोलीं मायावती

पहले गला दबाया, फिर शव को पंखे से लटका दिया

पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन दोनों छोटे बेटों को मदरसे भेज दिया गया था। घर में हिना अकेली थी। इसी दौरान सौतेली मां ने उसके पैर पकड़ लिए, जबकि पिता ने पहले दुपट्टे से गला कसा और फिर हाथों से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मौत के बाद दोनों ने शव को पंखे से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे।

पड़ोसियों को फंसाने की भी रची गई साजिश

हत्या के बाद पिता ने शोर मचाकर पड़ोस के युवक अकरम और एक अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगा दिया। इतना ही नहीं, पुलिस के अनुसार उसने मृतका के नाना से भी उन्हीं लोगों के खिलाफ शिकायत कराने की कोशिश की, ताकि जांच की दिशा बदल सके और शक परिवार पर न जाए। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी और पुलिस का दबाव बढ़ा, दोनों आरोपी घर पर ताला लगाकर कैराना में रिश्तेदारों के यहां चले गए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वे पंजाब या हरियाणा भागने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: बेटी को बचाने दौड़ी मां, करंट की चपेट में आई, दोनों की मौत

हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में कार्रवाई

पुलिस ने पिता और सौतेली मां के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। विवेचना पूरी होने के बाद जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। शुरुआती कहानी से बिल्कुल अलग निकले इस मामले ने एक बार फिर साबित किया है कि वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट गंभीर अपराधों की सच्चाई सामने लाने में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।