महाराष्ट्र के डोंबिवली स्थित नगर निगम अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में विवादों में घिरे शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी सफाई दी है। उन्होंने घटना पर अफसोस जताते हुए कहा कि उन्होंने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट नहीं की। उनका दावा है कि CCTV फुटेज में जो दिखाई दे रहा है वह कैमरे के एंगल की वजह से गलत तरीके से नजर आ रहा है। उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि वह महिला डॉक्टर को अपनी बेटी जैसा मानते हैं।
रमेश म्हात्रे के खिलाफ पुलिस ने पहले ही मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, घटना के विरोध में डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज सहित अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'महुआ मोइत्रा मानसिक रूप से असंतुलित है', भड़क गए BJP नेता अनिर्बान गांगुली
पार्षद ने डॉक्टर को बताया बेटी
मीडिया से बातचीत में रमेश म्हात्रे ने कहा कि अस्पताल में हुई धक्का-मुक्की की घटना पर उन्हें दुख है लेकिन उन्होंने किसी महिला डॉक्टर को नहीं मारा। उन्होंने कहा कि डॉक्टर उनके लिए बेटी समान हैं। उनके मुताबिक, जब वह मरीज की परेशानी बताने की कोशिश कर रहे थे तब डॉक्टर फोन पर बात कर रही थीं और उनकी बात नहीं सुन रही थीं। इसी दौरान उन्होंने केवल उनका हाथ हल्के से छुआ था। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज का कैमरा एंगल ऐसा है, जिससे घटना कुछ और दिखाई दे रही है।
शिवसेना पार्षद ने कहा कि उन्होंने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा, 'हमने बालासाहेब ठाकरे के संस्कारों में राजनीति की है। हमने कभी किसी महिला पर हाथ नहीं उठाया और न ही भविष्य में ऐसा करेंगे।' उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की व्यवस्था में कई कमियां थीं, जिनकी वजह से यह पूरा विवाद पैदा हुआ। उनका दावा है कि इन खामियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी।
यह भी पढ़ें: अमरनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन में भी कर दी गड़बड़ी? 4 टीचर सस्पेंड, FIR का आदेश
डॉक्टरों ने किया घटना का विरोध
रमेश म्हात्रे ने यह भी कहा कि जो लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए थे वे पूरे घटनाक्रम के बारे में बेहतर जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें अस्पताल बुलाने वाले व्यक्ति ने बाद में उनके फोन का जवाब नहीं दिया। उधर, कल्याण स्थित KDMC के शास्त्री नगर अस्पताल में दो डॉक्टरों से मारपीट के मामले में पुलिस ने रमेश म्हात्रे और पांच अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
घटना के बाद डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


