उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक भाई ने अपनी बहन से छेड़छाड़ का बदला लेने के लिए अपने ही दोस्त की जान ले ली। आरोपी ने हत्या करने के बाद लाश को एक खेत में 6 फीट गहरा गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। इस पूरी घटना का पता करीब 9 महीने बाद चला है, जब पुलिस ने मुख्य आरोपी की मदद से जमीन खोदकर हड्डियां और कपड़े बरामद किए।

 

गुजरपुर पमारान गांव के रहने वाले रामू यादव ने अपने दोस्त ओमवीर राठौर को मारने की पूरी प्लानिंग पहले ही बना ली थी। 20 जुलाई को रामू ने ओमवीर को उसके घर से बहाने से बुलाया और अपने साथ ले गया। वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और जब ओमवीर को नशा हो गया, तब रामू ने मौका पाकर उसका गला दबाकर उसे मार डाला। 

 

यह भी पढ़ें: 8 महीने से नहीं मिल रही थी पोस्टिंग, IAS रिंकू सिंह राही ने दे दिया इस्तीफा

 

जुर्म को छिपाने के लिए रामू ने फर्रुखाबाद-बदायूं रोड के पास एक मक्के के खेत को चुना। वहां उसने 6 फीट गहरा गड्ढा खोदा और ओमवीर की लाश को उसमें डाल दिया। लाश छिपाने के बाद वह गांव में बिल्कुल सामान्य तरीके से रहने लगा ताकि किसी को उस पर शक न हो। पिछले 9 महीनों से परिवार वाले ओमवीर को हर जगह ढूंढ रहे थे लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पा रहा था।

खुदाई में मिलीं हड्डियां और कपड़े

जब पुलिस ने शक होने पर मुख्य आरोपी रामू को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने जु्र्म स्वीकार कर लिया। पुलिस की टीम जेसीबी लेकर उस खेत में पहुंची जहां लाश दबाई गई थी। करीब 24 घंटे की मेहनत के बाद जमीन के अंदर से ओमवीर की हड्ढियां, उसके कपड़े और कुछ दूसरा सामान मिला। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी सबूत जुटाकर हड्ढियों को जांच के लिए भेज दिया है।

 

यह भी पढ़ें: पत्नी की हत्या करके सालों से फरार था, सिलिंडर बुक करते ही पुलिस ने धर दबोचा

पुलिस की लापरवाही पर फूटा गुस्सा

इस घटना के बाद मृतक ओमवीर की पत्नी और मां ने पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर पुलिस ने शुरू में ही सही से जांच की होती तो कातिल बहुत पहले पकड़ा जाता। परिवार की शिकायत के बाद बड़े अधिकारियों ने अब पुरानी जांच में हुई देरी की जांच करने के आदेश दिए हैं और मामले में शामिल दूसरों लोगों की तलाश की जा रही है।