हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। लाहौल-स्पीति से लेकर मनाली के ऊपरी क्षेत्रों तक लगातार हो रही बर्फबारी ने जनजीवन के साथ सड़क यातायात की रफ्तार भी थाम दी है। हालात ऐसे बन गए हैं कि प्रदेश के तीन प्रमुख पर्वतीय दर्रों शिंकुला, बारालाचा और कुंजुम टॉप की ओर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी है। वहीं, मनाली से रोहतांग दर्रे की तरफ जाने वाले पर्यटकों को भी फिलहाल आगे जाने की अनुमति नहीं है।
वीरवार देर रात से शुरू हुआ हिमपात शुक्रवार को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जारी रहा। कई स्थानों पर 10 से 15 सेंटीमीटर तक बर्फ जमने से सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। ऐसे में पुलिस और जिला प्रशासन ने एहतियातन कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया है। मौसम का यह बदलाव पर्यटन कारोबार के लिहाज से भले ही अच्छी बर्फबारी की उम्मीद जगा रहा हो, लेकिन फिलहाल पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए पहाड़ों का सफर जोखिम भरा हो गया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में पैराग्लाइडिंग हादसा, उड़ान के 6 मिनट बाद नोएडा के युवक की मौत
तीन प्रमुख दर्रों की ओर जाने वाले वाहन रोके
लगातार बर्फबारी के कारण शिंकुला टॉप और बारालाचा टॉप की ओर जाने वाले वाहनों को दारचा पुलिस पोस्ट पर ही रोक दिया गया है। इसी तरह कुंजुम टॉप की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही लोसर चेक पोस्ट पर बंद कर दी गई है। ग्राम्फू से छतरू और कुंजुम टॉप की तरफ जाने वाला सड़क मार्ग भी बंद कर दिया गया है।
रोहतांग से कोकसर, दारचा से सरचू, ग्राम्फू से बातल, लोसर से बातल और रोहली से कडू नाला को जोड़ने वाले मार्गों पर भी बर्फबारी के चलते यातायात प्रभावित हुआ है। इन मार्गों पर बर्फ जमने से वाहन फिसलने का खतरा बढ़ गया है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अचानक मौसम खराब होने और तापमान गिरने से सड़क पर वाहनों का नियंत्रण खोने की आशंका बनी हुई है।
रोहतांग में 4 से 5 इंच बर्फ, मढ़ी में भी हिमपात
मनाली के पर्यटन क्षेत्र में भी शुक्रवार सुबह से बर्फबारी दर्ज की गई। रोहतांग दर्रे में करीब चार से पांच इंच तक बर्फ जम गई, जबकि मढ़ी में लगभग एक इंच हिमपात हुआ है। इसके बाद मनाली पुलिस ने मढ़ी से रोहतांग की तरफ वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है।
गुलाबा बैरियर पर भी पुलिस ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जो पर्यटक वाहन पहले ही मढ़ी तक पहुंच गए थे, उन्हें सुरक्षित वापस मनाली की ओर भेजा जा रहा है। फिलहाल केवल आपातकालीन वाहनों को ही आवश्यकतानुसार आवाजाही की अनुमति दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में दंत चिकित्सा पर 18 करोड़ खर्च करेगी सरकार, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
4×4 वाहन भी बिना अनुमति नहीं कर सकेंगे सफर
लाहौल-स्पीति पुलिस ने पर्यटकों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार आपातकालीन परिस्थितियों में भी केवल उचित स्नो चेन लगे चार पहिया वाहन (4×4) को ही सड़क और मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद आगे जाने की अनुमति दी जा सकती है। अत्यावश्यक कार्य से इन क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को पहले अनुमति लेने, पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखने और पुलिस व प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचना ही सुरक्षित विकल्प है।
पर्यटन कारोबार को बर्फबारी से बढ़ी उम्मीदें
हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नवंबर महीने में हो रही बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों की उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं। मैदानी इलाकों में प्रदूषण और ठंड से बचने के लिए दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य राज्यों से पर्यटकों का हिमाचल के पर्यटन स्थलों की ओर रुख बना हुआ है। ऐसे में रोहतांग, मढ़ी और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की तस्वीरें सामने आने से पर्यटकों का आकर्षण बढ़ सकता है। हालांकि, पर्यटन कारोबारियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती पर्यटकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।
मौसम विभाग के शिमला केंद्र ने प्रदेश में 14 और 15 नवंबर तक मौसम में बदलाव तथा कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर आगे भी जारी रह सकता है। वीरवार को शुक्रवार और शनिवार के लिए कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया था।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सड़क यातायात को सुरक्षित रखना और पर्यटकों को किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाना है। ऐसे में मनाली, लाहौल-स्पीति और ऊंचाई वाले दर्रों की यात्रा की योजना बना रहे लोगों को रवाना होने से पहले संबंधित पुलिस और प्रशासन से सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की जरूरत है।
