उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अतरौली क्षेत्र में एक धार्मिक समारोह के दौरान मैनपुरी से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव के समर्थन में गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। गाना बजाने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट हो गई। मामला मारपीट के होते हुए पुलिस थाने तक पहुंच गया। अब पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को नामजद किया है, साथ ही 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हरदोई पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि गत 10 सितंबर की रात अतरौली थाना क्षेत्र के रिया मऊ इलाके में जगदीश यादव नाम के आदमी के यहां भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित 'दधि उत्सव' कार्यक्रम में डीजे पर 'मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गयीं' गाना बजाया जा रहा था।
यह भी पढ़ें: सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्त के घर पर फायरिंग, गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी!
गाना बजाने को लेकर किया विरोध
पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम में अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद देशराज नाम के व्यक्ति ने इस गाने को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि कार्यक्रम में भगवान कृष्ण पर आधारित गाने बजाये जाएं। बस फिर क्या था, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। इसी को लेकर राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रितेश यादव ने उसे जातिसूचक अपशब्द कहे और मारपीट की।
यह भी पढ़ें: बिहार में 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू, 2451 सहायक शिक्षकों को मिली नौकरी
महिलाओं से अभद्रता का आरोप
सूत्रों के मुताबिक यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कुछ महिलाओं के साथ भी मारपीट की है। कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया कि इस मामले में राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रितेश यादव के खिलाफ नामजद और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रविवार की रात केस दर्ज करके कार्यवाही की गई है।
