बिहार के शेखपुरा में परीक्षा देकर लौट रही एक कॉलेज की छात्रा के साथ दरिंदगी की हदें पार कर दी गईं। करंडे थाना क्षेत्र के जयनगर गांव के पास बाइक सवार युवक ने छात्रा की साइकिल में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया, जिसके बाद सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। एक दूध विक्रेता की सूझबूझ और ग्रामीणों की मदद से आरोपी मौके से भाग निकला। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर आरोपी अजय यादव के खिलाफ महिला थाने में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पीड़िता शेखपुरा के एक कॉलेज की छात्रा है। परीक्षा देकर वह अपनी साइकिल से घर लौट रही थी। शाम करीब 5 बजे वह करंडे थाना क्षेत्र के जयनगर गांव के पास पंचगछिया पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान केवाली गांव निवासी अजय यादव बाइक से आया। उसने जानबूझकर छात्रा की साइकिल में टक्कर मारी। छात्रा गिर गई। इसके बाद आरोपी उसे जबरन सुनसान जगह पर खींच ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें: POSCO के आरोपी ने 6 लोगों की ले ली जान, जमानत पर बाहर आते ही किया मर्डर
इस घटना के दौरान सड़क किनारे गिरी साइकिल देखकर एक दूध विक्रेता को शक हुआ। थोड़ी देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसने आवाज लगाई। आवाज सुनकर झाड़ियों से छात्रा की कराह सुनाई दी। दूधवाले ने शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने मौके से बरामद बाइक के आधार पर आरोपी की पहचान की। बाद में पीड़िता ने भी थाने में आरोपी की फोटो देखकर उसकी पहचान की।
FIR कराने के लिए करना पड़ा धरना
पीड़िता के परिजन का आरोप है कि घटना के बाद वे सीधे करंडे थाना पहुंचे लेकिन पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की। काफी देर तक टालमटोल होती रही। आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने करंडे थाना के बाहर धरना दे दिया। इसके बाद दबाव में आकर शेखपुरा महिला थाना में केस दर्ज किया गया।
एफआईआर करंडे थाना क्षेत्र के केवाली गांव निवासी अजय यादव के खिलाफ दर्ज की गई है। पीड़िता के परिजन और गांव के लोग पुलिस अधीक्षक से मिले। उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने कहा कि आरोपी दबंग है और केस को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।
यह भी पढ़ें: 17 साल की उम्र में NDA कैडेट की ट्रेनिंग परेड के बाद मौत, क्यों सवाल उठे?
क्या कर रही है पुलिस?
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी जब्त कर ली है।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही बरबीघा के मिशन थाना क्षेत्र में एक मंदबुद्धि किशोरी के साथ दुष्कर्म की आशंका का मामला सामने आया था। उस मामले में भी मेडिकल जांच कराई गई थी, लेकिन जांच की अंतिम रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शेखपुरा में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
