पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने तीन आईपीएस अधिकारियों पर गाज गिराई है। इन पर कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला ट्रेनी डॉक्टर से जुड़े रेप केस में लापरवाही बरतने का आरोप है। निलंबित अधिकारियों में उस वक्त कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) अभिषेक गुप्ता और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) इंदिरा मुखर्जी का नाम शामिल है।

 

मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को नबन्ना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने तीनों अधिकारियों पर परिवार को रिश्वत देने और लिखित अनुमति के बगैर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का आरोप लगाया। सीएम सुभेंदु अधिकारी ने यह भी बताया कि तीनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। 

 

यह भी पढ़ें: 26 मई को खत्म हो रहा पंचायतों का कार्यकाल, प्रधानों का आगे क्या होगा?

 

9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में ट्रेनी महिला डॉक्टर का शव मिला था। जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई। कोलकाता पुलिस ने मामला दर्ज किया और संजय रॉय नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में यह मामला केंद्रीय जांच एजेंसी यानी CBI को सौंप दिया गया। 

 

 

 

 

परिवार ने आरोप लगाया कि संजय रॉय अकेले वारदात को अंजाम नहीं दे सकता है। पिछले साल 20 जनवरी को एक निचली अदालत ने संजय रॉय को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। आरजी कर घटना के खिलाफ न केवल डॉक्टर, बल्कि देशभर में आम जनता ने भी विरोध प्रदर्शन किया। तत्कालीन ममता बनर्जी सरकार पर सवाल उठे।   

 

आरजी कर मामले में हमने खास तौर पर कोलकाता के सीपी विनीत कुमार गोयल और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। उन पर इस मामले को ठीक से न संभालने का भी आरोप है। वहीं दो अधिकारियों पर पीड़ित परिवार को पैसे देने के प्रयास का भी आरोप है। अब उस समय इस मामले से जुड़े सभी अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है, क्योंकि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। विनीत गोयल, इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता को निलंबित किया गया है। सुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल।

 

यह भी पढ़ें: रक्षा से तेल और गैस डील तक... PM मोदी की UAE यात्रा की 5 बड़ी बातें

 

मृतक महिला डॉक्टर की मां को बीजेपी ने हाल ही संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने पनिहाटी सीट से जीत दर्ज की है। चुनाव से पहले बीजेपी ने इस मामले में न्याय दिलाने का वादा भी किया था।