राजकीय संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को अचानक आग लगने की सूचना मिली। जिसके बाद अग्निशमन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस दौरान प्रभावित स्टाफ व विद्यार्थियों को तुरंत स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाई गई। टीम को सूचित किया गया कि ये मॉक ड्रिल का हिस्सा था। जिसके बाद टीम ने राहत की सांस ली।
बता दें कि पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को मॉक ड्रिल की गई। स्कूल में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों, अग्निशमन, प्राथमिक उपचार तथा सुरक्षित निकासी की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के तहत प्रधानाचार्य डॉ. राजवीर सिंह ने प्रशासन को अवगत करवाया कि अचानक मौसम में बदलाव एवं तेज तूफान के कारण विद्यालय की कुछ बिल्डिंगों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड एवं राहत-बचाव दल को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही मनोज कुमार, सीडीएआई कंपनी कमांडर, सतनाम सिंह, प्लाटून कमांडर तथा नवदीप सिंह के नेतृत्व में राहत एवं बचाव दल की टीम तुरंत विद्यालय परिसर में पहुंची। टीम ने अत्यंत तत्परता, सूझबूझ एवं साहस का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान आपातकालीन स्थिति से निपटने, आग से प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में प्रदूषण रोकने के लिए 15 विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान, जारी हुए फंड
विद्यार्थियों को दिया गया उपचार
रेस्क्यू टीम ने विशेष सतर्कता बरतते हुए विद्यालय में उपस्थित विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं रेडक्रॉस टीम द्वारा स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया गया तथा आवश्यकता के अनुसार आगे की चिकित्सा सहायता के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया अपनाई गई।
इस पूरे राहत एवं बचाव अभियान के दौरान प्रशासन, फायर ब्रिगेड तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूर्ण सहयोग और समन्वय का परिचय दिया। सभी टीमों की समयबद्ध कार्रवाई एवं आपसी तालमेल से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया तथा किसी प्रकार की जनहानि अथवा माल की क्षति नहीं हुई।
