देश की राजधानी दिल्ली का उत्तम नगर इलाका इन दिनों तनाव और डर के माहौल से गुजर रहा है। ईद-उल-फितर का त्योहार करीब है लेकिन यहां के लोगों के लिए खुशी की जगह चिंता ने ले ली है। हालात उस समय बिगड़े जब इसी महीने होली के दौरान दो अलग-अलग समुदायों के परिवारों के बीच हुआ झगड़ा हिंसक हो गया और इसमें 26 वर्षीय तरुण कुमार की मौत हो गई। स्थिति को और गंभीर तब बना दिया जब कुछ संगठनों और कथित नेताओं की ओर से 'खून की होली' खेलने जैसी धमकियां सामने आने लगीं।
इस धमकियों के बाद से इलाके में माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। इन धमकियों ने खासकर मुस्लिम परिवारों में डर पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यह विवाद दो परिवारों के बीच था लेकिन अब इसका असर पूरे इलाके पर पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में AAP सरकार के 4 साल पूरे, कितने वादे किए पूरे कितने रह गए अधूरे?
खाली हो रहे घर
उत्तम नगर में रहने वाले कई मुस्लिम परिवारों ने अस्थायी तौर पर इलाका छोड़ने की योजना बना ली है। पिछले 50 सालों से रहने वाले स्थानीय निवासी जमील अहमद बताते हैं कि बाहरी लोग आकर माहौल बिगाड़ रहे हैं और खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'हम शांति से रह रहे थे लेकिन अब डर लग रहा है कि हमें दूसरों की गलती की सजा भुगतनी पड़ेगी।' इलाके में कुछ किराएदार परिवार पहले ही घर खाली कर चुके हैं, जिससे लोगों में और असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
तनाव को हवा देने में सोशल मीडिया भी अहम भूमिका निभा रहा है। कई वीडियो और पोस्ट सामने आए हैं जिनमें खुलेआम हिंसा की धमकियां दी जा रही हैं और भड़काऊ नारे लगाए जा रहे हैं। कुछ वीडियो में लोग हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन पोस्ट्स के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे माहौल और खराब हो रहा है।
यह भी पढ़ें: बाप को बोरे में भरकर कर दिया कूरियर? रील के चक्कर में महिला को पड़ी गालियां
हाई कोर्ट पहुंचा मामला
हालात को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी है। हस्तसाल गांव के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि शांति बनाए रखने के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए यह मुद्दा दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है, जहां याचिका दाखिल कर ईद के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।
