उत्तर प्रदेश में बांदा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक बेकाबू ट्रक ने पहले तो ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर उसी पर पलट गया। इसके चलते कुल 6 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया गया है कि यह ट्रक एक साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद बचकर भागने की कोशिश कर रहा था और इसी कोशिश में दुर्घटना हो गई। ड्राइवर फरार है और उसकी तलाश जारी है। अब स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जिस रास्ते पर हादसा हुआ है, वहां नो एंट्री लागू की जाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि अब इस इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और चालान भी काटे जाएंगे।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में हुई है। चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) राजेश एस. ने बताया कि बुधवार शाम करीब पौने 5 बजे बिसंडा कस्बे से पहले लौली-शिव गांव के नजदीक बालू से लदे ट्रक ने घूरी गांव के रिटायर्ड टीचर रामेश्वर (61) को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल में ही मौत हो गई। रामेश्वर साइकिल से कहीं जा रहे थे। उन्होंने बताया कि शिक्षक की मौत के बाद कुछ लोगों ने भाग रहे ट्रक का मोटरसाइकिल से पीछा किया, इसी दौरान हड़बड़ाहट में ट्रक ड्राइवर ने बिसंडा कस्बे के आगे ओरन रोड़ पर नाथू तालाब के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी और उसी के ऊपर ट्रक पलट गया।

 

यह भी पढ़ें: 7 राज्यों में आंधी-तूफान, 9 राज्यों में भारी बारिश; IMD ने जारी किया अलर्ट

6 की मौत, 4 घायल

उन्होंने बताया कि इससे रिक्शा सवार चार लोगों- ममता (48), रिक्शा चालक राकेश (45), शाहबाज (12) और मुबीन (40) की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल सोहनलाल (50) ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस सड़क हादसे में मृतकों की संख्या छह हो गई है जबकि घायल चार अन्य लोगों का इलाज चल रहा है जिसमें एक तीन माह की बच्ची शामिल है। DIG राजेश एस ने आगे बताया, 'स्थानीय लोगों से बातचीत की गई है और उनका बहुत सहयोग भी रहा। स्थानीय जिलाधिकारी और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे।'

उन्होंने आगे कहा, 'स्थानीय लोगों की मांग है कि नो एंट्री लागू की जाए। जैसे बाकी जगहों पर नो एंट्री लगी है लेकिन बिसंडा वाले रास्ते पर नहीं है। मैंने आश्वासन दिया है कि नो एंट्री लागू करने के लिए हम डीएम और एसपी से बात करेंगे। हम प्रशासन की ओर से और व्यापारियों के सहयोग से भी यहां कैमरे लगाएंगे और ज्यादा से ज्यादा चालान करने की कोशिश करेंगे। फिर कभी ऐसा न हो इसके लिए हम कदम उठाएंगे।'

 

यह भी पढ़ें: मोदी सरकार ने बढ़ाई ED की ताकत, अब और पड़ेंगे छापे; जल्द निपटेंगे केस

 

DIG राजेश एस ने कहा है कि ट्रक पलटने के बाद ट्रक ड्राइवर भाग गया है जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस टीम ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।