उत्तर प्रदेश में लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में पूर्व अध्यक्ष अजय राय और आराधना मिश्रा के समर्थकों के बीच जमकर हंगामा हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर जूते-चप्पल चले। बताया जा रहा है कि कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण के दौरान कार्यकर्ता भिड़ गए और दफ्तर में जमकर हंगामा किया। एक दूसरे को खूब गालियां दी और धक्का-मुक्की हुई। 

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व अध्यक्ष अजय राय भी पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर उन्हें देखकर कांग्रेस नेत्री ममता चौधरी ने अपशब्द कहे। इसी को लेकर विवाद खड़ा हो गया और समर्थक आपस में भिड़ गए।  

 

यह भी पढ़ें: बिहार के CM सम्राट ने कॉलेजों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से मांगे 5275 करोड़

ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग

मामला बढ़ता देख कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद वहां पहुंचे और फिर समर्थकों को शांत कराया। अजय राय ने  प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की है। अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को खराब कर रहे हैं, ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा। अजय राय ने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है, उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

लखनऊ से पार्षद हैं ममता चौधरी 

ममता चौधरी लखनऊ के मालवीय नगर की पार्षद हैं। यह पहली बार नहीं है, बताया जा रहा है कि 2023 में किसी बात को लेकर ममता चौधरी की अजय राय से कहासुनी हुई थी। उस समय अजय राय ने ममता के पार्टी कार्यालय आने पर रोक लगा दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आराधना मिश्रा के 2 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ममता फिर पार्टी कार्यालय आने लगी हैं।