उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए रक्षाबंधन के मौके पर खास सुविधा देने का फैसला किया है। इसके तहत महिलाएं 27 से 29 अगस्त तक राज्य की रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस सुविधा का उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं को अपने मायके या रिश्तेदारों के घर जाने में आसानी देना है।
हालांकि, महिलाओं के साथ सफर करने वाले एक व्यक्ति का टिकट भी फ्री रहेगा लेकिन एक से ज्यादा लोगों के साथ सफर करने पर सिर्फ महिला और उनके एक साथी का टिकट ही फ्री होगा। दूसरे साथी को पूरा किराया चुकाते हुए टिकट लेना होगा। ऐसे में सरकार की ओर से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं को किराए की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। यह सुविधा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ नहीं मिला? ऐसे करें आवेदन, मिल जाएगा
कितने दिनों तक मिलेगी सुविधा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले दो दिन के लिए फ्री बस सेवा का ऐलान किया था लेकिन रविवार को उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा के समय में वृद्धि की। उन्होंने घोषणा कि अब यह निशुल्क यात्रा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक की जा सकेगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री एक सहयोगी के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
900 से ज्यादा बसों में फ्री यात्रा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन त्योहार के लिए नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी यह व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के भी सत्यापन सुनिश्चित करते हुए महिला यात्रियों की सुरक्षा के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ समन्वय बैठक की जाए। उन्होंने त्योहारों के दौरान प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात प्रबन्धन के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मथुरा-वृन्दावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे स्थलों पर विशेष व्यवस्था करने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें: UP में राशन कार्ड कैसे बनवाएं? पात्रता के नियम और जरूरी शर्तें जानिए
सीएम योगी की बैठक
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को तालमेल के साथ काम करने तथा त्योहार के लिए महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम, नगर विकास, पुलिस, यातायात विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।
