उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में गैर-जमानती वारंट का एक आरोपी पुलिस कस्टडी से भाग गया। जिस वजह से थाने के 3 पुलिसकर्मियों को नौकरी से सस्पेंड किया गया। पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज था। उसे 1 नवंबर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था फिर वह आरोपी फरार हो गया। फरार आरोपी को 2 नवंबर को दोबारा गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई थी। आरोपी के हाथ में चोट लगी थी। इसलिए आरोपी का इलाज कराने के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले 3 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया।

 

यह मामला मेरठ जिले के नौचंदी थाने का है। इस मामले के आरोपी की पहचान अरशद के रूप में हुई है, जो जैदी फार्म के ढवाई नगर का निवासी है। पुलिस थाने में अरशद के खिलाफ चोरी, जेब काटने और लूटपाट के आरोप में मुकदमा दर्ज है। इन्हीं आरोपों के तहत अरशद को पुलिस ने रविवार के दिन गिरफ्तार किया।

 

यह भी पढ़ें:  '6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की नींव रखूंगा', विधायक हुमायूं कबीर ने किया एलान

थाने से कैसे भागा अरशद?

पुलिस अधिकारियों ने आरोपी अरशद को हवालात में रखा था। जब अरशद की तबीयत बिगड़ गई तो उसे हवालात से बाहर निकालकर पुलिस कार्यालय में बिठाया गया। पुलिस के मुताबिक, पेशाब जाने के बहाने अरशद पुलिस कार्यालय के बाहर गया और मौका पाते ही फरार हो गया। इस घटना के बाद थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों पर सवाल उठे। ऐसे में पुलिस की लापरवाही पाई गई, इसी लिए 3 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया।

क्या बोली पुलिस?

इस मामले को लेकर एसीपी दीक्षा भोरिया ने कहा, '2 नवंबर 2026 को नौचंदी थाने से जानकारी मिली कि एक शख्स, जिसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी था, वह पुलिस हिरासत से भाग गया। इसके बाद तुरंत मामला दर्ज किया गया और पुलिस टीमें बनाई गईं। आरोपी की जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस टीम को पता चला कि फरार आरोपी नौचंदी मैदान में छिपा हुआ है।'

यह भी पढ़ें: पत्नी को महंगी कार का था शौक, पति ने भोपाल के कार शोरूम से चुरा ली 23 लाख की कार

 

इसके बाद दीक्षा भोरिया ने कहा, 'जब आरोपी को पकड़ने पुलिस टीम पहुंची तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अधिकारियों पर गोली चलाई और भागने की कोशिश की। भागने के प्रयास में आरोपी गिर गया और उसके हाथ में चोट लग गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।' इसके साथ ही एसीपी दीक्षा ने बताया कि आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।