पूर्वांचल के लोगों के लिए भारतीय रेलवे खुशखबरी लेकर आया है। रेलवे के इस कदम के बाद वाराणसी के आसपास के आधा दर्जन जिले और दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। दरअसल 31 अक्टूबर (राष्ट्रीय एकता दिवस) के दिन वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलने वाली है।
इसी दिन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस नई स्लीपर वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ट्रेन के चलने से इन क्षेत्रों में रहने वाले लाखों यात्रियों को फायदा मिलेगा।
वाराणसी-नई दिल्ली रूट पर पहले से कार चेयर वंदे भारत ट्रेन चलाई जा रही है। मगर यात्रियों की असुविधा को देखते हुए रेलवे ने स्लीपर वंदे भारत चलाने का निर्णय लिया है। यह देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन होगी। इससे पहले असम के गुवाहाटी से कोलकाता के बीच स्लीपर वंदे भारत चल रही है।
किस-किस स्टेशन पर स्टॉपेज होगा?
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बात करते हुए बताया कि वाराणसी-नई दिल्ली के बीच चलने वाली नई वंदे भारत का स्टॉपेज मुख्यतः तीन बड़े स्टेशनों पर होगा। ट्रेन नई दिल्ली से चलकर सीखे अलीगढ़ रुकेगी, इसके बाद इसका स्टॉपेज कानपुर होगा। ट्रेन कानपुर से चलकर सीधा प्रयागराज रुकेगी। प्रयागराज से चलकर ट्रेन वाराणसी पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर 20 महिला कांस्टेबलों को फंसाया, 24 लाख की ठगी
किस-किस दिन ट्रेन चलेगी?
रेलवे ने जानकारी देते हुए बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हफ़्ते में छह दिन चलेगी। ट्रेन शनिवार को छोड़कर बाक़ी के सभी दिन चलेगी। ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी, जो अगले सुबह 5:55 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
दिल्ली से वाराणसी तक टिकट कितने रुपए का हो सकता है?
दिल्ली-वाराणसी के बीच चलने वाली स्लीपर वंदे भारत में किराए की बात करें तो इसका किराया वर्तमान में चलने वाली कार चेयर वंदे भारत ट्रेन जितना होने की उम्मीद है। कार चेयर वंदे भारत में एसी चेयर कार का किराया 1835 रुपये है, जबकि एसी चेयर कार एग्जीक्यूटिव का किराया 3385 रुपये है।
यह भी पढ़ें: 31 साल पहले बिछड़ा पिंटू, अब्दुल जब्बार बनकर लौटा घर; मां ने कैसे पहचाना?
हरी झंडी कौन दिखाएगा?
जानकारी के मुताबिक 31 अक्टूबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वंदे भारत स्लीपर को हरी झंडी दिखाएंगे। त्योहारी सीजन में इस तरह की प्रीमियम ट्रेन चलाकर रेलवे ने लोगों को राहत दी है। हालांकि नई वंदे भारत की टिकट बुकिंग कब से होगी, फिलहाल रेलवे ने इसके बारे में जानकारी नहीं दी है।
