उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हथियार तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में 1 पुलिस कर्मी को गोली लग गई। तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची टीम पर आरोपियों ने गोली चला दी, जिसमें एक कांस्टेबल को तीन गोलियां लगीं। आरोपी को पुलिस ने पैर में गोली मारी। कांस्टेबल और आरोपी शख्स को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं इस घटना के बाद कांग्रेस नेता अजय राय ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
यह घटना शुक्रवार रात लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास हुई थी। आरोपी राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लगी थी। इसके अलावा पुलिस कांस्टेबल अमित शुक्ला को पेट, पीठ और हाथ में गोली लगी थी। दोनों को गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। दो आरोपी फरार हैं, जबकि एक आरोपी राज विश्वकर्मा को घायल अवस्था में पुलिस ने पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा: PNB के 16 ग्राहकों की FD से करोड़ों रुपये गायब, मैनेजर सस्पेंड
पुलिसकर्मी को लगीं 3 गोलियां
जब पुलिस टीम और हथियार तस्करी के तीन आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो रही थी, तब आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई थी, जिसमें कांस्टेबल अमित शुक्ला को पेट, हाथ और पीठ पर गोली लगी थी। वह बुरी तरह घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें जल्द से जल्द बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। दूसरी ओर, हथियार तस्करी के कथित आरोपी राज विश्वकर्मा को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारी। इसके अलावा बाकी दो आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल के मुताबिक, राज विश्वकर्मा ने भी कथित तौर पर कांस्टेबल अमित पर गोली चलाई थी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपी राज विश्वकर्मा से पूछताछ की जा रही है। उसने दावा किया कि उसने फायरिंग नहीं की थी।
यह भी पढ़ें: लगातार 6 महीने गांव में रहने वाले ही UP के पंचायत चुनाव में दे सकेंगे वोट?
कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
वाराणसी की इस घटना में पुलिसकर्मी को गोली लगने के बाद हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस नेता अजय राय ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
