महाराष्ट्र के पुणे से एक अनोखा लेकिन चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी के लिए खुद को पुलिसकर्मी बताने का सहारा लिया। रिश्ते न मिलने से परेशान युवक ने अपनी पहचान बदलकर पूरे शहर में पोस्टर लगवा दिए लेकिन उसका यह झूठ ज्यादा दिनों तक छिप नहीं सका और अब वह कानून के शिकंजे में आ गया है।

 

आरोपी की पहचान 26 वर्षीय ऋषिकेश राजू जाधव के रूप में हुई है। जो पुणे के नरहे रोड इलाके का रहने वाला है। असल में वह सब्जी बेचने का काम करता है लेकिन शादी के लिए रिश्ते न मिलने से वह इतना परेशान हो गया कि उसने खुद को पुलिस में चयनित बताने की झूठी कहानी गढ़ ली।

 

यह भी पढ़ें: घराती-बाराती कोई नहीं बचा, शादी में घुसे कुत्ते ने 60 से ज्यादा लोगों को काटा

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी दिखाने के लिए शहर में पोस्टर और फ्लेक्स बैनर लगवाए। इनमें वह वर्दी में नजर आ रहा था। इसके अलावा उसने पुलिस यूनिफॉर्म पहनकर फोटो खिंचवाई और उन्हें व्हाट्सएप स्टेटस पर डालकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश की। उसका मकसद था कि लोग उसे सरकारी नौकरी वाला समझें और शादी के अच्छे रिश्ते आएं।

कैसे खुली पोल?

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस अवैध पोस्टर और बैनर हटाने के अभियान में जुटी थी। इसी दौरान अधिकारियों की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी और शक होने पर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि युवक का पुलिस से कोई संबंध नहीं है और उसने झूठा दावा किया है।

 

यह भी पढ़ें: जुए और शराब में न फूंक दे बेटी के शादी के पैसे, घरवालों ने ही जान से मार डाला

 

जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी बनकर लोगों को धोखा देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी संभाजी कदम के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। यह मामला अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। शादी के लिए अपनाया गया यह अनोखा तरीका युवक के लिए मुसीबत बन गया और अब उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।