30 लाख दीये, 2100 ड्रोन से रामायण का शो और सरयू नदी के किनारे भव्य महाआरती। अयोध्या में इस बार का दीपोत्सव बेहद भव्य रहा। 7 नवंबर को लेजर शो और आतिशबाजी के बीच उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी इस आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जलने वाले लाखों दीप देश के करोड़ों लोगों के जीवन में आ रहे बदलाव का प्रतीक हैं। लेकिन इन लाखों दीपों की कहानी आतिशबाजी और शो खत्म होने के साथ खत्म नहीं हुई। आयोजन के बाद कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने इस भव्यता के बीच एक अलग ही तस्वीर दिखा दी। कुछ लोग जमीन पर पड़े दीयों से बचा हुआ तेल इकट्ठा करते नजर आए। किसी के लिए यह तेल उत्सव की रोशनी का हिस्सा था, तो किसी के लिए शायद रोजमर्रा की जरूरत पूरी करने का एक छोटा-सा सहारा।
अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत साल 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने की थी। 18 अक्टूबर 2017 को पहली बार इसका बड़े स्तर पर आयोजन हुआ था। उस साल करीब 1.71 लाख दीये जलाए गए थे। साल-दर-साल दीयों की संख्या बढ़ती गई और दीपोत्सव भव्य होता गया। लेकिन साथ ही दीपोत्सव के बाद उन लोगों की संख्या भी बढ़ती गई, जो इन दीयों में बचा हुआ तेल इकट्ठा करते हैं। इस साल भी कुछ ऐसा ही हुआ।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वीडियो में अयोध्या के सरयू घाट पर जमीन और सीढ़ियों पर हजारों की संख्या में मिट्टी के जले हुए दीये दिखाई दे रहे हैं। यहां कुछ बच्चे और महिलाएं दीयों में बचा हुआ तेल इकट्ठा कर बड़ी बोतलों और बर्तनों में डाल रहे हैं। इन बच्चों की उम्र 5 से 15 साल के बीच बताई जा रही है। ये लोग दीयों से तेल निकालकर अपने बर्तनों और तेल की बोतलों में जमा कर रहे हैं। ये तस्वीरें दीपोत्सव की भव्यता के बाद बचे तेल को इकट्ठा करने वाले गरीब लोगों की हकीकत दिखाती हैं।
यह भी पढ़ें: BJP पूछती थी राम मंदिर कब जाएंगे अखिलेश यादव? सपा ने तारीख बता दी
तेल भरते हुए महिलाओं-बच्चों को भगाया गया
दीपोत्सव के बाद का एक और वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में अयोध्या के घाट पर रात के समय लाखों दीये जलाए जाने के बाद का नजारा दिख रहा है। बड़ी संख्या में लोग, खासकर महिलाएं और बच्चे, बुझे हुए दीयों से बचा हुआ तेल बाल्टियों और बर्तनों में इकट्ठा कर रहे हैं। इसी दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी या अधिकारी उन्हें वहां से भगाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वे लोगों से 'हट-हट, चल-चल, भाग जा यहां से' कहते सुनाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी में चिराग और JDU की एंट्री पर भड़के राजभर, NDA छोड़ने की चेतावनी
