उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला। उनका आरोप है कि सपा में परिवार, पूंजीपतियों और अपराधियों का बोलबाला है। पार्टी में नेताओं और कार्यकर्ताओं की कोई कदर नहीं है। उन्होंने सपा को डूबती हुई नाव बताया। जब उनसे आगामी चुनाव में सपा के साथ गठबंधन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने दो-टूक शब्दों में अपनी इच्छा जाहिर कर दी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओपी राजभर ने कहा, 'वे (अखिलेश) हमको तलाक दे दिए हैं। हमने कबूल कर लिया है। तीन बार कबूल... कबूल.. कबूल बोल दिया है। अब क्यों चिल्ला रहे हैं? समाजवादी पार्टी एक डूबती हुई नैया है। जिसको मरना है... वहां जाए।'
यह भी पढ़ें: पंजाब: तरनतारन में सीमा पर एनकाउंटर, BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिए मार गिराए
सपा में मुसलमान गुलाम बनकर है: ओपी राजभर
मंत्री ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि सपा में किसी नेता और कार्यकर्ता की कोई कदर नहीं है। उनका कहना है, 'किसी नेता और कार्यकर्ता की कोई कदर नहीं है। वहां मुसलमान और अति-पिछड़ा गुलाम बनकर है। वहां परिवार, पूंजीपतियों और अपराधियों का बोलबाला है।'
क्या सपा के साथ जाएंगे ओपी राजभर?
जब उनसे पूछा गया कि क्या सपा के साथ जाने की उम्मीद है तो राजभर ने कहा कि हम वहां जाकर क्या करेंगे। जीत कर क्या करेंगे। जब सरकार ही नहीं बनेगी। यहां तो सरकार में हैं। बंगला-गाड़ी मिली है। सारी सुविधा मिली है। यह छोड़कर उनके यहां धूल फांकने जाएं।
बिना हमारे जीत नहीं सकते'
ओपी राजभर से जब आगे पूछा गया कि सपा आपको क्यों बुला रही है? इस पर वे कहते हैं कि उनको इस बात का एहसास हो गया कि पूर्वांचल में बिना ओमप्रकाश राजभर के जीत नहीं सकते हैं। बीजेपी के साथ हैं तो पूर्वांचल में वे बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकते। पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में ओमप्रकाश राजभर के बढ़ते जनाधार से समाजवादी पार्टी बहुत चिंतित है। शायद इस नाते ही उनको पुराने साथी याद आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: जंतर मंतर पर जहां पुलिस ने भांजी थी लाठियां, 1 किमी दायरे में क्या हो रहा?
क्या 50 सीटों पर पाला बदलेंगे राजभर?
राजभर ने आगे दावा किया कि कल वे (अखिलेश) शायद कहेंगे कि आइए... हम आपको 50 सीटें देंगे, हमारे साथ जुड़ जाइए। बस देखते रहिए... जैसे-जैसे चुनाव पास आएंगे, वे ऐसी बातें करेंगे। जब उनसे पूछा गया कि अगर सपा 50 सीटें देती है तो क्या वे पाला बदलेंगे। दो-टूक शब्दों में राजभर ने 'बिल्कुल नहीं' कहा।
