सोशल मीडिया पर आज कल मनोना धाम की तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। इस मनोना धाम के मुखिया ओमेंद्र चौहान के सामने कई पुलिसकर्मी भी वर्दी में पहुंचे दिखते हैं। कभी वह किसी को जल देकर ठीक करने का दावा करते हैं तो कभी हाथ से छूकर बीमारी ठीक करने का दावा करते हैं। मनोना धाम के भक्त इसे चमत्कार करते हैं। पूर्व में यही ओमेंद्र चौहान कभी पत्रकार थे, कभी समाजसेवी बने तो कभी मोटिवेशनल स्पीकर। सोशल मीडिया पर उनकी कई तस्वीरें तैरने लगी हैं जिनमें वह अलग-अलग भूमिकाओं में दिख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कुर्सी पर बैठे ओमेंद्र चौहान बैठे रहते हैं और लाइन लगाकर लोग उनसे मिलने आ रहे हैं। वह कुर्सी पर बैठे-बैठे ही वह अपने 'भक्तों' को आशीर्वाद देते हैं। इतना ही नहीं, वह एक आयुर्वेद जल भी बेचते हैं। महंत जी के नाम से मशहूर ओमेंद्र चौहान से मिलने के लिए टोकन काउंटर पर अपनी जानकारी दर्ज करवाकर 20 रुपये की आयुर्वेद जल की बोतल खरीदनी होती। इसके बाद ही ओमेंद्र चौहान से मिलने की लाइन में आप लग सकते हैं। लाइन में लगने के बाद ही ओमेंद्र चौहान से मिला जा सकता है।
कौन हैं ओमेंद्र चौहान?
मनोना धाम की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, ओमेंद्र चौहान के पिता का नाम जितेंद्र सिंह चौहान और मां का नाम माया चौहान है। 6 भाई-बहनों में से चौथे नंबर के ओमेंद्र के बारे में पुनर्जन्म का भी दावा किया गया है। वेबसाइट पर लिखा है कि बचपन में ओमेंद्र जब रोते थे तब वह कुछ शब्द भी बोलते थे जिसके बारे में उनके पिता ने अध्य्यन किया तो पता चला कि ये पुनर्जन्म आधारित बाते हैं।
यह भी पढ़ें: 'जो मेरे खिलाफ हैं वे दो पेड़ लगाएं', ऐसा क्यों बोले मेरठ के SSP अविनाश पांडेय?
इसी वेबसाइट पर एक और कहानी दर्ज है कि दिल्ली से आए एक परिवार की बच्ची मंदिर के पीछे पानी के टैंक में डूबकर मर गई ती लेकिन ओमेंद्र चौहान ने पानी के छीटें मारकर जिंदा कर दिया। इसके बारे में लिखा गया है कि ऐसा उन्होंने खाटू श्याम बाबा की कृपा से किया।
चमत्कारों का दावा
मनोना धाम के सोशल मीडिया हैंडल्स पर मौजूद वीडियो में दावा किया गया है कि ओमेंद्र चौहान ने ऐसे शख्स को ठीक कर दिया जो PGMI में दो बार ऑपरेशन कराने के बाद भी ठीक नहीं हुआ था। इसके अलावा, ना बोलने वाले बच्चे के बोलने लगने, कैंसर के चौथे स्टेज के मरीज को ठीक करने, पैरालिसिस के मरीज को ठीक करने और दिल में छेद तक को भी ठीक करने के दावे किए गए हैं। किडनी, ब्रेन की गांठ और पित्त की पथरी को भी ठीक करने का दावा किया जाता है।
सोशल मीडिया पर मनोना धाम आए ऐसे लोगों के वीडियो भी मौजूद हैं जो चमत्कार का दावा खुद करते हैं और गवाही देते हैं कि उनको क्या फायदा हुआ।
कैसे बना मनोना धाम?
बताया जाता है कि ओमेंद्र चौहान खाटू श्याम के बड़े भक्त हैं। वह हर साल राजस्थान में स्थित खाटू श्याम के दर्शन करने जाते थे। जब कोरोना के चलते लॉकडाउन लगा और लोगों का आना-जाना बंद हो गया तो वह खाटू श्याम नहीं जा सके। इसी के तलते पहले तो उन्होंने घर पर ही पूजा शुरू की।
यह भी पढ़ें: पंजाब: स्कूलों को बदलने का वादा करके आई AAP सरकार ने 4 साल में क्या सुधारा?
ओमेंद्र चौहान बताते हैं कि उनके सपने में खुद खाटू श्याम आए और कहा कि घर के पास में मंदिर बनाओ। ओमेंद्र चौहान का दावा है कि अब वह अपने यहां आने वाले लोगों के कष्टों और बीमारियों को ठीक कर देते हैं। इतना ही नहीं, वह एक पानी देते हैं जिससे वह कैंसर जैसी बीमारी ठीक कर देने का भी दावा करते हैं।
लोकप्रियता देखें तो सिर्फ इंस्टाग्राम पर ही मनोना धाम के 22 लाख से ज्यादा फॉलोवर हैं। इंस्टाग्राम हैंडल पर मौजूद तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता गहै कि कई विदेशी भी ओमेंद्र चौहान का आशीर्वाद लेने जाते हैं। उनके भक्त भी उनको लंदन और कई अन्य देशों में बुलाते हैं।
कहां है मनोना धाम?
उत्तर प्रदेश के बरेवी जिले के आंवला में एक छोटा सा गांव है मनोना। इसी गांव के नाम पर इसका नाम मनोना धाम खाटू श्याम मंदिर रखा गया है। मनोना धाम सुबह 4 बजे से रात के 10 बजे तक खुला रहता है जहां लोग खाटू श्याम के दर्शन करते हैं। मंदिर की रेलिंग पर लोग मन्नत का धागा भी बांधते हैं। मंदिर के आसपास ही गेस्ट हाउस, कैब सर्विस और अन्य सुविधाएं भी मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: 'जेल हो या हत्या, बांग्लादेश लौटूंगी', शेख हसीना ने बताया दिसंबर प्लान
इस मंदिर के आसपास कई तरह का कारोबार भी विकसित हो गया। कई गेस्ट हाउस, ढाबे और अन्य दुकानें बन गई हैं। दर्जनों दुकानें प्रसाद सामग्री और अन्य जरूरी चीजों की हैं जिनमें सैकड़ों लोग काम भी करते हैं।
