हरियाणा के गुरुग्राम में एक हिट एंड रन का शिकार हुई बाइकर सिया ने अब सामने आकर अपनी बात रखी है। मीडिया से बातचीत में सिया ने कहा है कि यह साफतौर हत्या का प्रयास है क्योंकि उन्हें जानबूझकर मारा गया। सिया ने यह भी बताया है कि उन्होंने कार सवारों को बिल्कुल भी पिंच नहीं किया बल्कि वह उन्हें सिर्फ इतना कह रही थीं कि थोड़ा बाइक से दूर चलें। सिया का कहना है कि पुलिस ने उनसे संपर्क किया है। मीडिया से बातचीत करने से पहले सिया ने इंस्टाग्राम पर भी एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने आरोपी कल्याण बैंसला की बातों का भी जवाब दिया है।
इससे पहले एक चैनल को दिए इंटरव्यू में आरोपी कल्याण बैंसला ने कहा था कि यह टक्कर गलती से हुई थी और उन्होंने जानबूझकर बाइक को टक्कर नहीं मारी। इतना ही नहीं, कल्याण ने आरोप लगाए थे कि कई बाइकर्स थे जो उन्हें परेशान कर रहे थे और बार-बार आगे-पीछे हो रहे थे। उनका कहना है कि वह सिर्फ कार की स्पीड बढ़ाकर आगे निकलना चाहते थे और मुड़ने के चक्कर में टक्कर हो गई। पीड़िता सिया ने सवाल उठाए हैं कि आखिर पुलिस आरोपी कल्याण को गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है?
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में कार सवार ने पहले किया महिला बाइकर का पीछा, फिर मारी जोरदार टक्कर
'वीडियो में दिख गया है सच'
अब सिया ने अपनी बात रखते हुए कहा है, 'कल जो मैंने वीडियो डाला उसमें देखा गया कि एक गाड़ी वाला मुझे चेज कर रहा था। मैं युजुअली संडे को बाइक राइड करती हूं। मैं गोल्फ कोर्स रोड से जा रही थी। मैंने नोटिस भी नहीं किया था कि वह गाड़ी मेरे आगे या पीछे चल रही है। पहली चीज मैंने देखी कि वह बहुत तेजी से मेरे पास से निकलता है। मैं चौंक गई लेकिन फिर भी मैंने इग्नोर किया। वह गाड़ी फिर धीमे होकर पीछे जाती है। फिर वह मेरे बगल में आकर कुछ ऐक्शन करता है। फिर उसने मुझे रुकने का इशारा किया तो मैं डर गई।'
सिया ने आगे बताया, 'उनके फेस से लग रहा था कि उन्होंने पी रखी थी। उनके बगल में एक लड़का था वह भी कुछ ऐक्शन कर रहा था। शायद पीछे भी दो लड़के थे लेकिन गाड़ी के शीशे काले थे तो मैं श्योर नहीं हूं। मेरा कहना था कि आप अपनी गाड़ी थोड़ा दूर चलाओ। जब मुझे लगा कि ये लोग बार-बार पास आ रहे हैं तो मैं तेज चलने लगी। मेरे साथ चल रहे एक और राइडर ने आगे आने की कोशिश की। इसी बीच एक गाड़ी आई और मैं थोड़ा स्लो हुई तब आपने देखा कि वह गाड़ी फर्स्ट लेन से थर्ड लेन में आई और मुझे टक्कर मारकर चला जाता है। मेरे एक साथी ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह कह रहा था कि लड़की की गलती है और वह चला गया।'
यह भी पढ़ें: कारगिल वॉर हीरो पर जानलेवा हमला, पार्किंग विवाद में सिर पर मारी लोहे की रॉड
'चलाने लायक नहीं बची बाइक'
अब सिया ने अपने बयान में कहा है, 'उसमें सारे लड़के ही थे। जितना मैंने देखा, उसमें कोई औरत नहीं थी। मैं अपने घर से गुड़गांव के बाइकर 1 कैफे जा रही थी। मेरा कोई ग्रुप नहीं है जिसके साथ मैं चलती हूं। बाइकर कम्युनिटी में सब एक-दूसरे को जानते हैं। मेरी भी हैलो-हाय होती है। वह मेरा दोस्त है और अच्छी बात थी कि उसका कैमरा चल रहा था और उसने सब चीज रिकार्ड की।'
हादसे के बाद के बारे में सिया ने कहा, 'मेरी बाइक का अगला और पिछला ब्रेक टूट गया था और वह सही से चलाने लायक नहीं थी। दूसरे राइडर्स ने मुझे देखा और मुझे पीछे बिठाया। पहले हम बाइकर 1 कैफे गए। मैंने पैच वगैरह वहां लगाया। मैं बहुत डर गई थी और मुझसे बिल्कुल भी बाइक नहीं चल रही थी। मेरी बाइक कोई और लेकर आया और मैं दूसरी बाइक से घर आई।'
सिया ने आगे कहा, 'जो वे लोग कह रहे हैं कि मैं पिंच कर रही थी। मुझे कोई शौक नहीं है गाड़ी वाले को पिंच करने का। मैं एक साल से गाड़ी चला रहा हूं। मुझे पता है कि मुझे अपनी सुरक्षा देखनी है तो मैं क्यों पंगे लूंगी? मुझे नहीं लगता कि उनकी कोई सफाई काम आएगी। सबके पास वह वीडियो है। यह हिट एंट रन और अटेंप्ट टू मर्डर का केस है। गुरुग्राम पुलिस ने मुझसे इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया है। मेरा वीडियो डालने का मकसद था कि लोगों में डर नहीं है, उन्हें लगता है कि वे मारकर चले जाएंगे। यही डर पैदा करना हमारी जिम्मेदारी है।'
यह भी पढ़ें: SDM, प्रोफेसर से IPS तक का सफर, 'जजाकल्लाह' बोलने पर हुआ बुशरा बानो का ट्रांसफर!
बता दें कि इस मामले में कार मालिक ने बताया है कि वह सेना में काम करते हैं और उनकी कार उनके दोस्त ले गए थे। वहीं, पुलिस अभी आरोपी कल्याण बैंसला की तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं, सिया ने सवाल उठाए हैं कि आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं तो पुलिस उनको गिरफ्तार क्यों नहीं कर पा रही है?
