बिहार में प्रदर्शनकारियों पर AK-47 से चलाने के कथित वायरल वीडियो मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सीवान पुलिस ने SI अभिषेक पटेल को निलंबित कर दिया है। विपक्ष ने एके-47 चलाने को लेकर सवाल उठाए थे। नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को दबाने के लिए पुलिस कैसे AK-47 जैसे घातक हथियार चला सकती है।
तेजस्वी यादव लगातार बिहार सरकार को घेर रहे हैं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, 'लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आवश्यक अधिकार है जो नागरिकों को अपनी असहमति और विचार व्यक्त कर निरंकुश सत्ता को जवाबदेह बनाता है। बिहार सरकार छात्रों पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर अविलंब कारवाई करें।'
यह भी पढ़ें: बिहार बंद में हिंसा, पटना से सिवान तक पत्थरबाजी के बाद लाठीचार्ज, SP घायल
अभिषेक पटेल हैं कौन?
अभिषेक पटेल, SIT टीम का हिस्सा थे। पुलिस के मुताबिक पटना के गांधी मैदान पर दबाव ज्यादा बढ़ गया था, जिसके बाद पुलिस ने अपने बचाव और उपद्रवियों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया। इतने में अभिषेक पटेल आगे आए और कथित तौर पर एके-47 से फायरिंग कर दी।
तेजस्वी यादव के दबाव में आ गई सरकार?
तेजस्वी यादव ने वायरल वीडियो पर कहा था, 'बिहार में छात्र प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए सैंकड़ों छात्रों, विपक्षी विधायकों और नेताओं को तत्काल रिहा करें। छात्रों पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर कारवाई करें।'
तेजस्वी यादव, नेता विपक्ष, बिहार विधानसभा:-
सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर सीधी फायरिंग की। AK-47 से भी फायरिंग की गई। जब 7 हत्याओं का आरोपी अपराधी मुख्यमंत्री बन जाए तब लोकतंत्र में प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस ऐसे ही गोलियां चलाती है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
यह भी पढ़ें: 'यह सरकार बिहार की जनता की है, हम आपके सेवक हैं', बोले बिहार के CM सम्राट चौधरी
'सड़कछाप को बना दिया सीएम', भड़के तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने AK-47 चलाने पर कहा था, 'एक सड़कछाप अपराधी प्रवृति वाले व्यक्ति को लोकतंत्र की जननी बिहार में मुख्यमंत्री बना दिया गया है जिसके नाम- काम और पहचान पर जनता ने कभी वोट नहीं दिया था और ना देगी। लाठी और तंत्र के बल पर आप बिहारियों की आवाज नहीं दबा सकते। अगर यथाशीघ्र छात्र आंदोलनकारियों का रिहा नहीं किया गया तो छात्र फिर आंदोलन पर उतारू होंगे।'
