उत्तर प्रदेश के झांसी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 27 साल की महिला पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति की एआई( आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से फेक फोटो बनवाई थी। इसी फोटो के जरिए रेलवे के अफसर को ब्लैकमेल किया गया। इस वजह से पीड़ित शख्स बेहद परेशान था। जब शख्स की पत्नी को इस मामले के बारे में पता चला, तब उन्होंने पुलिस थाने में आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र का है। पीड़ित शख्स की पत्नी अंकिता ने 2 अगस्त को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, इस मामले के पीड़ित झांसी के रहने वाले हैं, जिनका नाम जितेंद्र कुमार शर्मा है, जो पेशे से वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त हैं। उनकी पत्नी अंकिता ने नवाबाद पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जानकारी के लिए बता दें, आरोपी महिला का नाम मरीना लाजरस उर्फ मरीना जेस्सी है, जो मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली है। जिन्हें 9 सितंबर को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: 95.7% नंबर फिर भी नहीं मिला कॉलेज में एडमिशन, छात्र ने की खुदकुशी
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित जितेंद्र कुमार की पत्नी अंकिता ने 2 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि मरीना फोन और व्हाट्सऐप के जरिए जितेंद्र को ब्लैकमेल कर रही थी। अंकिता के मुताबिक, मरीना ने उनके परिवार की महिलाओं की AI के जरिए फेक फोटो बनाई थी। इसके बाद उन्हीं फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी।
अंकिता ने दावा किया कि आरोपी मरीना उन्हें जनवरी से ही ब्लैकमेल कर रही थी और जनवरी से लेकर जून तक गूगल पे के जरिए कई हजार रुपये ले चुकी थी। इसके बाद कथित तौर पर मरीना 2 जून को दोपहर के समय जितेंद्र के घर आई थी। इसके बाद मरीना ने जितेंद्र को धमकी दी और 15 लाख रुपये की मांग की।
यह भी पढ़ें: 'जैसा बाप वैसी शर्मनाक बेटी', महुआ मोइत्रा ने नोएडा की DM मेधा को यह क्यों कहा?
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी मरीना को 9 सितंबर को प्रयागराज में गिरफ्तार किया। साथ ही सबूत के तौर पर एक लैपटॉप और दो फोन जब्त किए हैं। इनमें इस मामले से जुड़े फोटो और वीडियो की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
