ओडिशा के कटक में हाई कोर्ट के बाहर आज एक चौंकाने वाली घटना हुई। एक महिला ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर कोर्ट के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से महिला पेट्रोल डालकर गाड़ियों में आग लगा रही है। वीडियो फुटेज में वह एक SUV में आग लगाते हुए और कोर्ट परिसर की ओर आग फेंकते हुए दिखाई दे रही हैं। अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
कटक के डीसीपी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, 'महिला के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। महिला कहां से आई थी और जहां आग लगाई गई, वहां के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही महिला के वास्तविक घर और उसके साथ आए बच्चे के बारे में भी जांच चल रही है।'
यह भी पढ़ें: वंदे भारत ट्रेन में मिला खाना खाने से होंठ सूज गए? शिकायत पर IRCTC ने दी सफाई
कुछ ही मिनटों में जल गई गाड़ियां
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि महिला ने जब आग लगाई तो आग तेजी से फैल गई और आसपास की गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में दो स्कूटर और एक इलेक्ट्रिक बाइक जलकर राख हो गए। आसमान में काला धुंआ दिखाई देने लगा और इससे कोर्ट में दहशत फैल गई। इसके बाद तुरंत फायर सर्विस के कर्मचारी आए और उन्होंने आग पर काबू पाया।
पीएम से मिलना चाहती थी महिला
ACP जोन-3 अनन्या अवस्थी ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हाई कोर्ट की सीमा के पास खड़ी कुछ गाड़ियों में आग लग गई है। फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि उन्हें शुरू में शक था कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बैटरी ज्यााद गरम हो गई होगी। हालांकि, जांच के बाद पता चला कि आरोपी महिाल साहू ने जानबूझकर गाड़ियों में आग लगाई थी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज बरामद की और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की।
अनन्या अवस्थी ने महिला के इस कदम के कारण पर बात करते हुए बताया कि आरोपी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री से मिलना चाहती थी और जब वह नहीं मिल पाई, तो उसने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को देखकर शुरुआती तौर पर लगा की वह मानसिक पूप से परेशान हो सकती है। हालांकि, इस मामले में अभी जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: 'रामायण' में भगवान राम नहीं बनना चाहते थे रणबीर कपूर, फिर बेटी की वजह से कहा हां
क्या बोली आरोपी महिला?
आरोपी महिला का कहना है कि उसने पीएम मोदी का ध्यान आकर्षित करने के लिए ऐसा किया है। हालांकि, उसने कहा है कि उसका मकसद किसी गाड़ी में आग लगाना नहीं था यह आग गलती से लगी है। आरोपी महिला ने कहा, 'मैंने पेट्रोल खरीदा और उसमें पुराने कपड़े भिगो दिए। फिर मैं और मेरा बेटा एक ऑटो-रिक्शा में सवार हुए और मैंने एक पत्र भी लिखा। उसके बाद हम यहां आए। मेरे बेटे को आइसक्रीम चाहिए थी। इसलिए मैं उसे एक स्टॉल पर ले गई और एक युवक से माचिस जलाते हुए मेरा वीडियो बनाने को कहा।'
हालांकि महिला ने अपने बचाव में कहा कि मेरा इरादा किसी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने का नहीं था लेकिन एक चिंगारी पास के स्कूटर पर गिरी, जिससे आग तेजी से फैल गई। अधिकारियों ने बताया है कि आरोपी महिला जगतसिंहपुर जिले के बिरिडी इलाके की रहने वाली है। अधिकारी अब जांच कर रहे हैं कि महिला का मकसद क्या था और उसके ऐसा क्यों किया।
