रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच उत्तर प्रदेश के लिए एक और दुखद खबर सामने आई है। देवरिया जिले के 23 वर्षीय नाविक अभिषेक निषाद की यूक्रेन से सीरिया जा रहे मालवाहक जहाज पर रूसी मिसाइल हमले में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनके परिजन ने केंद्र और राज्य सरकार से शव भारत लाने के साथ आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है। प्रशासन ने दूतावास के माध्यम से शव वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव निवासी अभिषेक निषाद 10 जून से एमवी गोल्डन लियो नामक मालवाहक जहाज पर नाविक के रूप में कार्यरत थे। रविवार रात जहाज यूक्रेन से मक्का लेकर सीरिया जा रहा था। इसी दौरान यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास जहाज पर रूसी मिसाइल हमला हुआ, जिसमें अभिषेक की मौत हो गई। सोमवार शाम एजेंट ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: 2 पत्नियों के बीच बंटा पति: पंचायत ने तय किया 3-3 दिन का साथ, एक दिन अपनी मर्जी

इकलौते बेटे की मौत से टूट गया परिवार

अभिषेक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बहनें हैं, जो पढ़ाई कर रही हैं। पिता सुरेंद्र निषाद रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई की शाम अभिषेक से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो सका।

 

परिजन ने केंद्र और राज्य सरकार से अभिषेक का शव जल्द भारत लाने और परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन ने बताया कि भारतीय दूतावास के माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव भारत लाने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री जय प्रकाश निषाद भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया और प्रशासन से समन्वय बनाकर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही।

 

यह भी पढ़ें: 2 नए एक्सप्रेसवे को मंजूरी, 50 हजार लड़कियों को स्कूटी देगी UP सरकार

युद्ध में यूपी के युवाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। देवरिया के अभिषेक निषाद की मौत ने उत्तर प्रदेश में शोक की लहर दौड़ा दी है। परिवार अब सरकार से सिर्फ एक ही मांग कर रहा है कि बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए ताकि अंतिम संस्कार अपने गांव में किया जा सके।