दिल्ली में लूटपाट की घटना आम होती जा रही है। कश्मीरी गेट इलाके में 24 सितंबर की शाम को चाकू से लूटपाट का एक मामला सामने आया है। वहां यमुना बाजार अंडरपास के पास कुछ बदमाशों ने एक चलती ई-रिक्शा को जबरदस्ती रुकवा कर हमले को अंजाम दिया। आरोपियों ने उसमें सवार लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।  इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसमें एक लड़के ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 

 

शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना के पीछे की मुख्य वजह लूटपाट बताई जा रही है। ई-रिक्शा में सवार लोग मार्केट में ही कहीं जा रहे थे। तभी उनका रास्ता रोक लिया गया। विरोध किए जाने के बाद उन पर चाकू से हमला किया गया। 

 

यह भी पढ़ें: 'अय्याशी करता था, पैसे नहीं देता था', विनीत मिनोचा के बेटे ने बताई हत्या की वजह

क्या है पूरा मामला?

ई-रिक्शा पर एक ही परिवार के लोग बैठे हुए थे। प्रभात अपने दो अन्य रिश्तेदारों के साथ ई-रिक्शा में सवार किसी काम से खारी बावली की ओर जा रहे थे। रिक्शे में ड्राइवर समेत 4 लोग मौजूद थे। जैसे ही ई-रिक्शा यमुना बाजार अंडरपास के पास पहुंचा, कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। 

 

बदमाशों ने ई-रिक्शा पर सवाल लोगों से सामान छीनने की कोशिश की। जब लोगों ने उसका विरोध किया तो हमलावरों ने बिना सोचे-समझे चाकू से हमला शुरू कर दिया। हमले में प्रभात बुरी तरह से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाकी दो घायलों का इलाज जारी है। 

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस मौके पर तुरंत पहुंची। पुलिस के अनुसार, यह घटना 24 सितंबर की शाम लगभग 7:30 बजे की है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में मौजूद CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के कहा है कि सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें: 1-2 नहीं, 51 पट्टे! MP में पटवारी ने पत्नी और अपने नाम करा ली गांव वालों की जमीन

दिल्ली में बढ़ती घटनाएं

दिल्ली में चाकूबाजी, चोरी और लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही है। इससे पहले त्रिलोकपूरी इलाके में भी इस तरह का मामला सामने आया था। वहां 4 नाबालिगों ने मिलकर 1 नाबालिग को घेर लिया था। नाबालिग पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। हालांकि उस घटना में घायल लड़के को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया था जिससे उसकी जान बच गई। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया जा रहा है।