जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के रिसर्चर्स ने एक शानदार ऐप बनाया है, जिसमें सिर्फ स्मार्टफोन के जरिए रोबोट के हाथों को कंट्रोल किया जा सकता है। इस ऐप का नाम कोबाल्ट है, जिसकी सहायता से कोई भी व्यक्ति रोबोट से अपना काम करा सकता है। इससे हर व्यक्ति रोबोट का इस्तेमाल करना सीख पाएगा। इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एक मोशन कंट्रोलर है, यानी जिस प्रकार हम अपने फोन को मूव करेंगे, उसी प्रकार रोबोट भी मूव करेगा।

 

हाल ही में वियना में आईईईई (IEEE) इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन रोबोटिक्स नाम का एक समारोह हुआ था, जहां एक टीम ने कोबाल्ट प्रोजेक्ट को प्रदर्शित किया। इसे देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। टीम के मुताबिक, इस तकनीक से न सिर्फ रोबोट को कंट्रोल करना आसान होगा, बल्कि स्कूलों में रोबोटिक्स की शिक्षा भी आसान हो जाएगी। यानी अब लोगों को रोबोट का इस्तेमाल करने के लिए किसी विशेष ट्रेनिंग की जरूरत नहीं होगी। सिर्फ स्मार्टफोन के जरिए ही वे रोबोट का उपयोग कर सकेंगे।

 

यह भी पढ़ें: आर्टेमिस-2 सफल, अब NASA का अगला प्लान क्या? समझिए

 

मोशन कंट्रोलर होगा यह ऐप

 

कोबाल्ट ऐप की वजह से स्मार्टफोन एक मोशन कंट्रोलर बन जाता है। इसमें हम जिस ओर अपने फोन को हिलाते हैं, उसी ओर रोबोट का हाथ भी मूव करने लगता है। इस फीचर की वजह से रोबोट का इस्तेमाल करना और भी आसान हो जाता है।

 

साथ ही, कोई भी व्यक्ति इस ऐप की सहायता से दुनिया के किसी भी कोने में बैठकर रोबोट से अपना काम करा सकता है। जैसे भारत में रहने वाला व्यक्ति जॉर्जिया की लैब में मौजूद रोबोट को कंट्रोल कर सकता है। इसके लिए सिर्फ एक स्मार्टफोन और वाई-फाई की जरूरत है।

 

यह भी पढ़ें: अमित क्षत्रिय का भारत से है क्या कनेक्शन? NASA के आर्टेमिस मिशन में निभाई भूमिका

पढ़ाई और काम होगा आसान

 

जॉर्जिया की टेक टीम ने हाल ही में एक स्कूल में इस सिस्टम का इस्तेमाल किया था, जहां दिखाया गया कि कैसे फोन के जरिए रोबोट को कंट्रोल किया जा सकता है। इस सिस्टम के जरिए स्कूल के बच्चों को रोबोटिक्स सिखाई जा सकती है।

 

इस सिस्टम के जरिए हम घर बैठे फैक्ट्रियों और गोदामों में भी काम करवा सकते हैं। अगर हम किसी वजह से फैक्ट्री में काम करने नहीं जा पाएं, तो हम घर बैठे स्मार्टफोन से फैक्ट्री के रोबोट को गाइड कर सकते हैं।