जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान इंटरनेट बंद होने से छात्रों और प्रदर्शन में शामिल लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जैसे ही मोबाइल इंटरनेट बंद हुआ कई लोगों का अपने परिवार और दोस्तों से संपर्क टूट गया। कई लोगों को तो यह भी समझ नहीं आया कि वहां से किस रास्ते से बाहर निकलें। सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स बंद होने की वजह से कई छात्र अपने साथियों से बिछड़ गए और तय जगह तक पहुंचने में उन्हें काफी देर लग गई।

 

इस घटना के बाद लोगों के मन में यही सवाल उठा रहा है कि अगर अचानक इंटरनेट बंद हो जाए तो क्या स्मार्टफोन बेकार हो जाता है? जवाब है बिलकुल नहीं। इंटरनेट न होने पर भी आप अपने स्मार्टफोन की मदद से रास्ता ढूंढ़ सकते हैं और आसानी से नेविगेट कर सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'सरकार चाहती है कि सोनम अनशन न तोड़ें...', मेदांता के बाहर बोलीं पत्नी गीतांजलि

इंटरनेट बंद होने पर क्यों बढ़ जाती है मुश्किल?

इंटरनेट बंद होने का सबसे बड़ा असर लोगों की बातजीत और संपर्क पर पड़ता है। परेशानी सिर्फ कॉल या मैसेज तक ही नहीं रहती। आजकल ज्यादातर लोग रास्ता ढूंढने के अलावा गूगल मैप का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में इंटरनेट बंद होते ही लोगों को लगता है कि मैप भी नहीं चलेगा। इसके अलावा न तो लाइव लोकेशन भेजी जा सकती है और न ही कैब बुक होती है। अगर कोई इमरजेंसी आ जाए तो परिवार या दोस्तों तक अपनी लोकेशन पुहंचाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे हालात में घबराहट बढ़ना स्वाभाविक है, खासकर अगर आप भीड़भाड़ वाली जगह पर हों या अपने साथियों से बिछड़ गए हों।

बिना इंटरनेट ऐसे खोजें रास्ता और अपनों की लोकेशन

अगर इंटरनेट बंद होने की आशंका हो तो सबसे आसान तरीका है कि आपको जहां जाना है उस शहर या इलाके का Google Maps पहले ही ऑफलाइन डाउनलोड कर लें। फिर चाहे इंटरनेट बंद भी हो जाए फोन का GPS सैटेलाइट की मदद से आपकी लोकेशन दिखाता रहेगा और डाउनलोड किए गए मैप पर आप आसानी से रास्ता देख सकेंगे। इसके अलावा Organic Maps जैसे ऐप हैं, जो बिना इंटरनेट के पूरी तरह ऑफलाइन मैप और नेविगेशन की सुविधा देते हैं।

 

यह भी पढ़ें: Android से iPhone में कैसे ट्रांसफर करें डेटा? आसान तरीका जान लीजिए

 

जब मोबाइल टावर काम नहीं कर रहे हों तब Bridgefy या Briar जैसे ऐप बहुत काम आते हैं। ये ऐप आपके फोन के ब्लूटूथ और वाई-फाई डायरेक्ट की मदद से आसपास मौजूद फोनों को आपस में जोड़कर एक नेटवर्क बना लेते हैं। इसके बाद बिना सिम कार्ड या इंटरनेट के भी आप अपने आसपास मौजूद लोगों को मैसेज भेज सकते हैं और GPS लोकेशन शेयर करके उन्हें अपनी सटीक जगह बता सकते हैं।