क्या आप जानते हैं कि भारतीय रेलवे में पूरी ट्रेन की बोगी भी बुक की जा सकती है? अगर नहीं, तो यह जानकारी आपके काम की है। शादी में मेहमानों को ले जाने, दोस्तों या परिवार के साथ ग्रुप ट्रिप पर जाने के लिए आप ट्रेन की पूरी बोगी बुक कर सकते हैं। भारतीय रेलवे की इस सुविधा के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। 

 

हाल ही में वायरल हुए हनीमून सुइट वाले वीडियो के बाद यह सुविधा फिर चर्चा में आ गई है। हालांकि, वीडियो में दिखाई गई सजी हुई केबिन फर्स्ट एसी की थी, जिसे सामान्य रिजर्वेशन प्रक्रिया के जरिए बुक किया गया था। रेलवे इस तरह की सुविधा नहीं देता है। 

 

ट्रेन की पूरी बोगी बुक करने की प्रक्रिया पूरी अलग है। यह सुविधा फुल टैरिफ रेट (Full Tariff Rate-FTR) के तहत उपलब्ध है। ऐसे में आइए जान लेते हैं आखिर इसकी बुकिंग कैसे की जाती है, किराया कितना लगता है? 

कितने दिनों पहले होती है बुकिंग? 

रेलवे नियमों के मुताबिक, FTR बुकिंग ट्रैवल डेट से 6 महीने या कम से कम 30 दिन पहले कराई जा सकती है। उपलब्ध हो तो एक ट्रेन में अधिकतम 2 कोच बुक किए जा सकते हैं। वहीं पूरी ट्रेन बुक करनी हो तो अधिकतम 24 कोच बुक किए जा सकते हैं। इनमें 2 SLR/जनरेटर कोच शामिल होंगे। हालांकि, यह उपलब्धता पर ही लागू होगा। इसके अलावा FTR ट्रेन में न्यूनतम 18 कोच होना जरूरी है। 

कितनी सिक्योरिटी जमा करनी होगी?

इसके लिए IRCTC की FTR सेवा के जरिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करते समय यात्रा की तारीख, रूट, कितनी बोगियां चाहिए और दूसरी जरूरी जानकारी भरनी होती है। हर एक बोगी के लिए 50,000 रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना जरूरी है। पूरी ट्रेन बुक करनी है और उसमें 18 से कम बोगियां हैं, तब भी आपको कम से कम 18 बोगियों के हिसाब से 9 लाख रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होगा। 

 

जब आप पेमेंट कर देंगे तो रेलवे एक रेफरेंस नंबर जारी करेगा, जिससे आप अपनी बुकिंग की आगे की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर सकते हैं। पूरा किराया यात्रा से कम से कम 7 वर्किंग डे से पहले या IRCTC की ओर से दिए गए आखिरी तारीख तक ऑनलाइन जमा करना होता है। जब यात्रा पूरी होती है तो रेलवे सभी बकाया राशि की कटौती करने के बाद सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस कर देता है।  

सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस कैसे मिलेगा?

यात्रा पूरी होने के बाद सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस लेने के लिए आपको 21 दिनों के भीतर कुछ जरूरी दस्तावेज IRCTC में जमा करने होंगे। इनमें यात्रा की रसीद/फोल्डर, यात्रियों की लिस्ट, नो डैमेज सर्टिफिकेट, नो ड्यूज सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट्स शामिल हैं। इन्हें 21 दिनों के अंदर जमा करना होगा, नहीं करने पर सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस नहीं मिलेगा।

बुकिंग कैंसिल की तो कितना पैसा कटेगा? 

  • यात्रा से 2 दिन या उससे पहले बुकिंग कैंसिल करने पर सिक्योरिटी डिपॉजिट का 10% काटेगा
  • यात्रा से 1 दिन पहले से लेकर ट्रेन छूटने के 4 घंटे पहले तक कैंसिल करने पर किराए का 25% कटेगा।
  • ट्रेन छूटने के 4 घंटे के भीतर या ट्रेन छूटने के बाद बुकिंग कैंसिल करने पर किराए का 50% काटा जाएगा।
  • अगर रेलवे या IRCTC की वजह से बुकिंग कैंसिल होती है, तो पूरी सिक्योरिटी राशि वापस कर दी जाएगी।

सबसे जरूरी बात, FTR के लिए आवेदन करने से कोच या ट्रेन मिलना तय नहीं हो जाता। बताते चलें कि अगर बोगी उपलब्ध होगी, तभी बुकिंग होगी। इसके अलावा जो पहले आवेदन और फीस जमा करेगा, उसे प्राथमिकता दी जाएगी।