बिसलेरी के पानी को लेकर इन दिनों विवाद चल रहा है। कंपनी के गोवा प्लांट से लिए गए पानी के एक सैंपल को जांच में असुरक्षित बताया गया है। इसके बाद पैकेज्ड वाटर की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। गर्मी हो या सर्दी, सफर करना हो या ऑफिस में काम करना, पानी की बोतल हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन गई है। बाजार में मिलने वाली लगभग हर पानी की बोतल को लोग आमतौर पर मिनरल वाटर कह देते हैं। लेकिन हर बोतल मिनरल वाटर नहीं होती। दुकानों पर मिलने वाली बोतलों पर ‘Mineral Water’ और ‘Packaged Drinking Water’ लिखा होता है। दोनों की बोतलें एक जैसी दिखती हैं, लेकिन इनमें मिलने वाला पानी और उसे साफ करने का तरीका अलग होता है।

 

पानी की बोतल खरीदते समय हम अक्सर उसका ब्रांड और कीमत देखते हैं। लेकिन उस पर लिखी जानकारी पढ़ना भूल जाते हैं। कई लोगों को लगता है कि मिनरल वाटर ज्यादा शुद्ध होता है और सेहत के लिए भी अच्छा होता है। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। FSSAI ने दोनों तरह के पानी के लिए अलग-अलग नियम बनाए हैं। ऐसे में मिनरल वाटर और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के बीच का अंतर जानना जरूरी है। साथ ही, पानी की बोतल खरीदते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना भी चाहिए।

पानी के स्रोत का है अंतर

मिनरल वाटर और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर में सबसे बड़ा अंतर उनके पानी के स्रोत का होता है। नेचुरल मिनरल वाटर जमीन के नीचे मौजूद प्राकृतिक जल स्रोतों या झरनों से लिया जाता है। इसमें प्राकृतिक रूप से कई तरह के मिनरल मौजूद होते हैं। इनकी मात्रा भी एक निश्चित होती है। इसका पानी नल या नगर निगम की सप्लाई से नहीं लिया जा सकता।

 

वहीं, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का स्रोत अलग-अलग हो सकता है। इसे भूजल, नगर निगम की सप्लाई या दूसरे स्रोतों से लिया जाता है। इसके बाद इसे साफ करने के लिए अलग-अलग प्रक्रियाओं से गुजारा जाता है। फिर इसे बोतलों में भरकर बेचा जाता है।

ट्रीटमेंट का तरीका अलग

दोनों तरह के पानी को बोतल में भरने से पहले साफ किया जाता है। लेकिन इन्हें साफ करने का तरीका अलग-अलग होता है। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को साफ करने के लिए RO, UV और ओजोन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। इससे पानी में मौजूद गंदगी, हानिकारक तत्व और कीटाणु हटाए जाते हैं। जरूरत पड़ने पर इसमें मिनरल भी मिलाए जा सकते हैं।

 

वहीं, नेचुरल मिनरल वाटर को इस तरह पूरी तरह साफ नहीं किया जाता। इसकी प्राकृतिक बनावट और उसमें मौजूद मिनरल को बनाए रखना जरूरी होता है। इसलिए इसे साफ करने के लिए कुछ खास तरीकों का ही इस्तेमाल किया जा सकता है। यही वजह है कि दोनों तरह के पानी को एक जैसा नहीं माना जाता।

किसमें ज्यादा मिनरल होते हैं?

जैसा कि नाम से ही पता चलता है, नेचुरल मिनरल वाटर में कैल्शियम, मैग्नीशियम, सोडियम और पोटैशियम जैसे मिनरल प्राकृतिक रूप से मौजूद हो सकते हैं। इनकी मात्रा उस भूमिगत स्रोत पर निर्भर करती है जहां से पानी निकाला गया है। दूसरी तरफ, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को शुद्ध करने की प्रक्रिया में कुछ प्राकृतिक मिनरल कम हो सकते हैं। हालांकि, निर्माता निर्धारित मानकों के तहत इसमें मिनरल दोबारा मिला सकते हैं। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर में कोई मिनरल नहीं होता। बोतल के लेबल पर कैल्शियम, मैग्नीशियम और TDS (Total Dissolved Solids) की जानकारी देखकर पानी में मौजूद घुले हुए तत्वों के बारे में समझा जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: किश्तवाड़: पुलिसकर्मियों की शहादत के बाद अंतिम विदाई का प्रोटोकॉल क्या है?

क्या मिनरल वाटर सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद है?

यह एक आम धारणा है कि मिनरल वाटर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर से ज्यादा सेहतमंद होता है। लेकिन जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति के लिए ऐसा हो। दोनों तरह का पानी अगर निर्धारित गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के मुताबिक तैयार किया गया है तो पीने के लिए सुरक्षित हो सकता है। मिनरल वाटर में मौजूद कैल्शियम और मैग्नीशियम शरीर के लिए उपयोगी होते हैं। लेकिन शरीर को जरूरी मिनरल सिर्फ पानी से नहीं मिलते। भोजन, फल, सब्जियां और दूसरी चीजें भी इनका बड़ा स्रोत हैं।

इसलिए सिर्फ मिनरल वाटर के महंगे होने या उसके नाम में ‘मिनरल’ शब्द होने से उसे ज्यादा सेहतमंद नहीं माना जा सकता। पानी की गुणवत्ता, उसकी सुरक्षित पैकेजिंग और भंडारण भी उतने ही जरूरी हैं।

 

यह भी पढ़ें: सोने की कीमत 32% गिरी, फिर भी 2 साल पहले से दोगुनी महंगा; समझिए पूरा गणित

बोतल खरीदते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान

पानी की बोतल खरीदते समय सिर्फ ब्रांड या कीमत देखकर फैसला नहीं करना चाहिए। लेबल पर लिखी कुछ जानकारियां भी देखनी चाहिए।

  •  प्रोडक्ट का नाम: बोतल पर साफ लिखा होना चाहिए कि उसमें Packaged Drinking Water है या Natural Mineral Water।
  •  FSSAI लाइसेंस नंबर: निर्माता का FSSAI लाइसेंस नंबर जरूर देखें।
  •  पैकिंग की तारीख: बोतल कब पैक हुई है और उसकी Best Before अवधि क्या है, इसकी जानकारी पढ़ें।
  •  मिनरल की मात्रा: नेचुरल मिनरल वाटर के लेबल पर कैल्शियम, मैग्नीशियम और दूसरे मिनरल की जानकारी देख सकते हैं।
  •  बोतल की सील: बोतल की सील टूटी हुई नहीं होनी चाहिए। पानी का रंग, गंध या स्वाद असामान्य लगे तो उसे न पिएं।