त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों के लिए खास इंतजाम किया है। रेलवे ने आगरा कैंट और पलवल के बीच रोजाना अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे आगरा, मथुरा और पलवल के बीच सफर करने वाले यात्रियों को आने-जाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय की ओर से 21 सितंबर 2026 को जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन नंबर 01941/01942 आगरा कैंट-पलवल-आगरा कैंट अनारक्षित स्पेशल 31 अक्टूबर 2026 तक रोजाना चलेगी। ट्रेन में सिर्फ जनरल यानी अनारक्षित श्रेणी के कोच होंगे। यात्रियों को इसमें सफर के लिए पहले से सीट रिजर्व कराने की जरूरत नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: रेलवे का तोहफा, नंदा देवी और दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस के नए स्टॉपेज का एलान
आगरा से पलवल के लिए सुबह 6:30 बजे चलेगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 01941 आगरा कैंट से सुबह 6:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन 6:52 बजे रुनकुता, 7:22 बजे बाद और 7:45 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। मथुरा से रवाना होने के बाद ट्रेन 8:20 बजे छाता, 8:32 बजे कोसीकलां और 8:46 बजे होडल पहुंचेगी। ट्रेन का पलवल पुहंचने का निर्धारित समय सुबह 9:45 बजे है।
पलवल से दोपहर 1 बजे आगरा पहुंचेगी
वापसी में ट्रेन नंबर 01942 पलवल से सुबह 10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 10:30 बजे होडल, 10:44 बजे कोसीकलां, 10:56 बजे छाता और 11:30 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन 11:48 बजे बाद और 12:20 बजे रुनकुता पहुंचेगी। ट्रेन के दोपहर 1 बजे आगरा कैंट पहुंचने का समय तय किया गया है। रेलवे के मुताबिक, दोनों दिशाओं में यह सेवा 31 अक्टूबर तक रोजाना जारी रहेगी। ट्रेन में सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे।
यह भी पढ़ें: महाकाल से सोमनाथ तक, IRCTC सप्त ज्योतिर्लिंग यात्रा, रूट से किराया तक, सब जानिए
यात्री ट्रेन से जुड़ी जानकारी के लिए रेलवे के RailMadad हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा रेलवे की ऑनलाइन पूछताछ सेवा के जरिए भी ट्रेन का शेड्यूल और दूसरी जरूरी जानकारी देखी जा सकती है।
