पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसान अपनी 24वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस योजना के जरिए सरकार देश के किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की मदद देती है। यह पैसा 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है। सरकार यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी सीधे बैंक खाते में भेजने वाली तकनीक से देती है। पिछली बार 23वीं किस्त 20 जून 2026 को भेजी गई थी और अब सब अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं।

 

अभी तक सरकार ने अगली यानी 24वीं किस्त के लिए कोई पक्की तारीख नहीं बताई है। पिछले समय के हिसाब से देखें तो यह पैसा अक्टूबर या नवंबर 2026 तक किसानों के खातों में आ सकता है। किसानों को किसी भी गलत खबर या अफवाह पर भरोसा नहीं करना चाहिए। सही जानकारी पाने के लिए सिर्फ सरकार की वेबसाइट pmkisan.gov.in को ही देखते रहना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: UV, UF या RO, जानिए कौन सा वॉटर प्यूरीफायर है आपके परिवार के लिए बेस्ट

पैसा पाने के लिए जरूरी काम

अगर आप चाहते हैं कि अगली किस्त आपके खाते में बिना किसी दिक्कत के आ जाए तो आपको कुछ जरूरी काम अभी कर लेने चाहिए। सबसे जरूरी काम है ई-केवाईसी यानी अपना आधार लिंक करवाना। अगर यह काम पूरा नहीं होगा तो पैसा रुक सकता है। इसके अलावा आपका बैंक खाता आधार कार्ड से जुड़ा होना बहुत जरूरी है बिना आधार के सरकार पैसा नहीं भेज पाएगी। आपको अपनी जमीन के कागजात भी ठीक से चेक करवा लेने चाहिए ताकि रिकॉर्ड में कोई गलती न रहे।

लिस्ट ऐसे चेक करें

जब सरकार पैसा भेजेगी तो आप घर बैठे अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए आप pmkisan.gov.in पर जाएं और फार्मर्स कॉर्नर में जाकर अपना स्टेटस देखें। वहां आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या आधार नंबर डालना होगा। उसके बाद आपके फोन पर एक ओटीपी आएगा, जिसे डालने पर आपको पता चल जाएगा कि पैसा कब आएगा। अगर आप अपने गांव की पूरी लिस्ट देखना चाहते हैं तो उसी वेबसाइट पर बेनेफिशियरी लिस्ट के विकल्प पर क्लिक करें। वहां अपना राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव चुनकर आप पूरी लिस्ट देख सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: लाडकी बहिन योजना के तहत हर महीने मिलेंगे 2100 रुपये? समझिए कैसे

योजना के नियम

सरकार ने इस योजना के लिए कुछ नियम बनाए हैं। एक परिवार में से केवल एक ही व्यक्ति को यह पैसा मिल सकता है। अगर किसी ने 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है तो उसके लिए नियम अलग हो सकते हैं। 18 साल से कम उम्र के बच्चों के नाम पर इस योजना का पैसा नहीं आता है। इसके अलावा, जो लोग इनकम टैक्स भरते हैं या सरकारी नौकरी करते हैं उन्हें इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा। सभी किसानों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी पात्रता यानी अपनी योग्यता की जानकारी सही से देख लें ताकि बाद में कोई परेशानी न हो।