कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ( EPFO ) ने करोड़ों कर्मचारियों के रिटायरमेंट को लेकर एक अहम फैसला लिया है। EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस प्लान के तहत अब कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपने पूरे प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में निकाल सकेंगे। EPFO का दावा है कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों को रिटायर्मेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उनकी पूरी जिंदगी की बचत एकमुश्त खर्च नहीं होगी। 

 

इस नए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान के तहत रिटायर कर्मचारी अपने PF खाते में जमा रकम को एक साथ निकालने के बजाय एक तय अंतराल पर निकाल सकेंगे। बची हुई रकम EPFO के पास पहले की तरह रहेगी और उस पर पहले की तरह ही ब्याज मिलता रहेगा। इस तरह कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का एक बढ़िया सोर्स मिल जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें: गगल एयरपोर्ट विस्तार का रास्ता साफ, हाई कोर्ट ने हटाई बड़ी कानूनी बाधा

 

आसान भाषा में समझिए

कर्मचारियों के मन में इस स्कीम को लेकर कई तरह के प्रश्न उठ रहे हैं। इस स्कीम से पहले कर्मचारी को रिटायर्मेंट के समय पूरा पैसा मिल सकता है। अब इस प्लान के तहत अगर किसी कर्मचारी के PF खाते में 20 लाख रुपये जमा हैं, तो वह पूरी रकम एक बार में निकालने के बजाय अपनी जरूरत के अनुसार कुछ हिस्सा किस्तों में प्राप्त कर सकेगा। आपको जो राशि मिली है वह आपके PF खाते से कट जाएगी और जो राशि शेष खाते में बची है उस पर पहले की तरह ब्याज मिलता रहेगा। फिलहाल EPFO ने इस बारे में किस्तों की राशि, भुगतान की अवधि और अन्य नियमों की जानकारी नहीं दी है। 

पैसा निकालने के मिलेंगे कई विकल्प

इस योजना का एक बड़ा फायदा यह है कि कर्मचारियों को अपनी आर्थिक जरूरत के हिसाब से पैसा निकालने की सुविधा मिलेगी। प्रस्तावित व्यवस्था में पूरी जमा राशि को चरणबद्ध तरीके से निकालने, कुछ रकम एकमुश्त निकालकर बाकी पर SWP जारी रखने और केवल जमा रकम पर मिलने वाले ब्याज को निकालने जैसे विकल्प शामिल हैं। इसके अलावा कर्मचारी चाहें तो बीच में इस योजना को बंद करके बची हुई पूरी रकम भी निकाल सकेंगे। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें रिटायरमेंट के बाद नियमित खर्चों के लिए हर महीने पैसों की जरूरत होती है, लेकिन वे अपनी जीवनभर की बचत को एक साथ खत्म नहीं करना चाहते।

 

यह भी पढ़ें: BMC को झटका, दाऊद से जुड़ी इमारत को गिराने पर हाई कोर्ट की रोक

कर्मचारी की मृत्यु हुए तो क्या होगा?

EPFO की इस पहल में कर्मचारियों के परिवार के हितों का भी ध्यान रखा गया है। अगर SWP के तहत किस्तें मिलने के दौरान कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी को खाते में बची हुई रकम निकालने अथवा पहले से निर्धारित शर्तों के अनुसार नियमित भुगतान जारी रखने का विकल्प मिलेगा। इससे कर्मचारी की मृत्यु के बाद भी परिवार को आर्थिक सहारा मिलता रहेगा।

 

इस योजना का उद्देश्य रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को नियमित और भरोसेमंद आमदनी उपलब्ध कराने के साथ उनकी बचत पर परिवार के अधिकारों को सुरक्षित रखना है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्लान का लाभ 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.32 लाख ऐसे EPF सदस्यों को संभावित लाभ मिल सकता है, जिनके खाते में 5 लाख रुपये से अधिक की जमा राशि है।