भारत में शेयर मार्केट में निवेश करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और इसके साथ-साथ शेयर मार्केट में निवेश के बहाने ठगी के मामले भी बढ़ रहे हैं। इन मामलों के कारण कई शुरुआती निवेशकों को चिंता बनी रहती है और वह समझ नहीं पाते की जिस प्लेटफॉर्म के जरिए वे निवेश कर रहे हैं वह सुरक्षित है या नहीं। निवेशकों की इन चिंताओं का जवाब अब खुद सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने दिया है। वह आज पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने ‘प्रोजेक्ट जागरूक’लॉन्च किया।
SEBI के चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने चंडीगढ़ में आज SEBI के ऑफिस का उद्घाटन किया। इसके बाद वह पंजाब यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में उन्होंने निवेशकों को जागरूक करने पर जोर दिया और प्रोजेक्ट जागरूक के साथ-साथ SEBI का व्हाट्सएप चैनल भी लॉन्च किया। उन्होंने निवेशकों से सतर्क रहने की सलाह दी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने किसी भी प्लेटफॉर्म पर निवेश करने से पहले 30 सेकंड के अंदर उस प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच करने की अपील की, जिससे निवेशक ठगी का शिकार होने से बच सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 20 रुपये के विवाद में बुजुर्ग की हत्या, चप्पल सिलाई को लेकर हुआ था झगड़ा
फर्जी ऐप के जरिए ठगी
कार्यक्रम के दौरान तुहिन कांता पांडे से निवेशकों के साथ होने वाली ठगी के बारे में सवाल किया गया। गौरतलब है कि ठग असली ब्रोकर या निवेश प्लेटफॉर्म की हूबहू नकल करने वाले मोबाइल ऐप तैयार करते हैं। सोशल मीडिया, WhatsApp और Telegram जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए निवेशकों को ज्यादा या गारंटीड रिटर्न का लालच दिया जाता है। निवेशक जब इन ऐप्स को डाउनलोड कर पैसा लगाते हैं तो ऐप पर नकली मुनाफा दिखाई देने लगता है। इसके बाद उन्हें और पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है। जब निवेशक रकम निकालने की कोशिश करता है तो तरह-तरह के शुल्क या दूसरी वजह बताकर निकासी रोक दी जाती है।
इस बारे में तुहिन कांता पांडे ने कहा कि निवेशक कुछ ही सेकंड में निवेश वाले प्लेटफॉर्म के बारे में जान सकते हैं। उन्होंने बताया कि SEBI और गूगल की नई व्यवस्था के तहत SEBI में रजिस्टर्ड स्टॉक ब्रोकरों के आधिकारिक ऐप पर गूगल प्ले स्टोर पर SEBI वेरिफाईड बैज होता है। किसी भी ऐप के जरिए निवेश करने से पहले उसका बैज चेक करें और SEBI से मान्यता प्राप्त ऐप पर ही निवेश करें।
कुछ ही सेकंड में करें जांच
तुहिन कांता पांडे ने निवेशकों को निवेश करने से पहले ‘SEBI Check’ के जरिए प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच करने की अपील की। ‘SEBI Check’ टूल की मदद से निवेशक किसी भी पेमेंट से पहले यह जांच सकते हैं कि संबंधित मध्यस्थ SEBI में रजिस्टर्ड है या नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई निवेश करने का फैसला कर रहा है तो उसे निवेश से पहले उसका पैसा सही जगह जा रहा है या नहीं इसकी जांच करनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब बाजार में भिंडी खरीदने जाते हैं तो उसकी भी कई बार जांच कर लेते हैं, तो लोग अपना पैसा निवेश करने से पहले कुछ सेकंड निकाल कर निवेश प्लेटफॉर्म की जांच कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: कफन ओढ़कर जंतर मंतर पर लेटे NSUI कार्यकर्ता, पुलिस ने हिरासत में लिया
निवेशकों की जागरूकता पर जोर
SEBI चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने निवेशकों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि शेयर मार्केट में लगातार निवेश बढ़ता जा रहा है और ज्यादा से ज्यादा लोग निवेश कर रहे हैं लेकिन फिर भी लोगों में जागरूकता की कमी है। लोगों को जागरूक करने के लिए SEBI ने ‘प्रोजेक्ट जागरूक’ शुरू किया है, जो अंग्रेजी, हिंदी समेत कुल 11 क्षेत्रीय भाषाओं में लोगों को जागरूक करने का काम करेगा। SEBI चेयरमैन ने कहा कि हमारा नारा है 'समझ से इन्वेस्टिंग सिंपल।' उन्होंने लोगों को ज्यादा से ज्यादा शेयर मार्केट के बारे में जागरूक करने की अपील की।
निवेशकों को दी सलाह
SEBI चेयरमैन तुहिन कांता पांडे चंडीगढ़ के दौरे पर हैं। आज उन्होंने चंडीगढ़ सेक्टर 17 में SEBI के ऑफिस का उद्घाटन किया है। इसके बाद वह पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में गए। इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट जागरूक और SEBI का चैनल लॉन्च किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने यूनिवर्सिटी के अपने दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद पंजाब यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है और वह 40 साल बाद यूनिवर्सिटी लौटे हैं। उन्होंने निवेशकों को लगातार सीखते रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में निवेश करने के लिए अलग-अलग सोर्स से जानकारी ली जा सकती है लेकिन निवेश करने के बारे में लगातार सीखते रहना चाहिए।
