दिल्ली में नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया यानी एनआरएआई (NRAI) की 75वीं सालगिरह मनाई जा रही थी। इस खास मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भारत की स्टार निशानेबाज और ओलंपिक में मेडल जीतने वाली मनु भाकर को बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान एक ऐसी बात हुई जिसने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है। शूटिंग के इस बड़े इवेंट में मनु भाकर से उनकी जीत या खेल के बारे में बात करने के बजाय 15 साल के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को लेकर सवाल पूछ लिया गया। इस बात से लोग काफी नाराज हैं और इसे मनु भाकर की कामयाबी का अपमान मान रहे हैं।

 

निशानेबाजी के इस कार्यक्रम में जब मीडिया ने मनु भाकर से बात की तो सवाल खेल की दुनिया के दो अलग-अलग सितारों को जोड़ने का था। जिस तरह से सवाल पूछा गया, उससे ऐसा लगा कि पूरा ध्यान मनु भाकर की अपनी मेहनत से हटकर क्रिकेट पर चला गया है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर ऐतराज जताया है। फैंस का कहना है कि एक ओलंपिक मेडल विनर खिलाड़ी से उनके खुद के खेल के बजाय क्रिकेट के बारे में राय मांगना गलत तरीका है। इस वीडियो में मनु भाकर की अपनी मेहनत और पहचान कम होती दिखी है।

 

यह भी पढ़ें: 37 साल के तलाकशुदा IITian को चाहिए कुंवारी दुल्हन, इंटरनेट पर मचा बवाल

मनु भाकर का जवाब

इतना अजीब सवाल होने के बाद भी 24 साल की मनु भाकर ने बहुत ही समझदारी और शांति से जवाब दिया। उन्होंने उम्र और हुनर के बारे में अपनी राय रखी। मनु ने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी को अच्छे गुरु या सिखाने वाले मिलें और उसके आसपास का माहौल अच्छा हो, तो फिर उम्र मायने नहीं रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि हुनर दिखाने की कोई उम्र तय नहीं होती, यह 60 साल की उम्र में भी आ सकता है और 6 साल की उम्र में भी। मनु ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि अगर उन्हें सही रास्ता दिखाया गया तो वह अगले बड़े स्टार बनेंगे।

जॉय भट्टाचार्य क्या बोले?

सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर काफी गुस्सा देखा जा रहा है। केकेआर (KKR) के पूर्व टीम डायरेक्टर जॉय भट्टाचार्य ने इस पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मनु भाकर ने ओलंपिक में मेडल जीतकर देश का नाम रोशलन किया है और उनसे वैभव सूर्यवंशी के बारे में राय मांगना उनके करियर के साख नाइंसाफी है। उन्होंने यह भी कहा  कि क्रिकेट पहले से ही देश का सबसे बड़ा खेल बना हुआ है, ऐसे में मीडिया को खबरें बनाने के लिए दूसरे खेलों के बड़े खिलाड़ियों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। जॉय ने यह भी कहा कि अगली बार वैभव सूर्यवंशी से मनु भाकर के बारे में पूछकर देखिए, फिर पता चलेगा कि कैसा लगता है। बाकी लोगों ने भी कहा कि जो खिलाड़ी क्रिकेट नहीं खेलते उन्हें जबरदस्ती क्रिकेट की बातों में नहीं घसीटना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: दूल्हे और बारातियों ने लड़कीवालों को क्यों पीट दिया? इटावा से आया अजीब मामला

कौन हैं क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी?

वैभव सूर्यवंशी इन दिनों क्रिकेट की दुनिया में अपनी शानदार बैटिंग के लिए मशहूर हो रहे हैं। सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। वह आईपीएल (IPL) के इतिहास में 1000 टी20 रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। इस सीजन में उन्होंने कई बेहतरीन पारियां खेली हैं और उनके नाम कई शतक भी दर्ज हैं। वह इंडिया अंडर-19 टीम के लिए भी बहुत अच्छा खेल रहे हैं। यही वजह है कि बहुत से लोग उन्हें जल्द ही भारतीय टीम के लिए खेलते हुए देखना चाहते हैं लेकिन फिलहाल उनकी चर्चा मनु भाकर से जुड़े इस विवाद की वजह से हो रही है।