मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सेमरिया स्थित सराकारी गुरुकुल कन्या विद्यालय में बड़ा हादसा होते-होते बच गया। स्कूल में पढ़ाई चल रही थी इसी दौरान एक जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरते ही वहां मौजूद छात्राओं और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि सभी लोग समय रहते वहां से हट गए और किसी को चोट नहीं लगी।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल में छात्राएं और शिक्षक मौजूद हैं। दीवार गिरने के बाद बच्चे और वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए तेजी से बाहर की ओर भागते दिखाई दे रहे हैं। अचानक दीवार गिरने से कुछ देर के लिए स्कूल में डर का माहौल बन गया। इस घटना ने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: निशांत कुमार को माला पहनाने गए, चोर ले उड़े गले से 7 लाख की चेन
जर्जर भवन में चल रहा था स्कूल
बताया जा रहा है कि गुरुकुल कन्या विद्यालय का भवन काफी समय से जर्जर हालत में है। इसी जर्जर भवन में छात्राओं की पढ़ाई चल रही है। ऐसे में कक्षा के दौरान दीवार गिरने की घटना के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल है कि अगर भवन की हालत पहले से खराब थी तो उसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई और छात्राओं की सुरक्षा के लिए अच्छे इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
हालांकि स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से अभी इस मामले में कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी साफ नहीं है कि जर्जर स्कूल को लेकर पहले कोई शिकायत की गई थी या नहीं। फिलहाल सेमरिया की घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें: गजब है बिहार! चोरी न हो जाए... इसलिए Scorpio छत पर रखवा दी
ऐसे ही और मामले भी आए सामने
मध्य प्रदेश में जर्जर सरकारी स्कूलों को लेकर पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में गुना जिले के मधुसूदनगढ़ में एक जर्जर सरकारी स्कूल का भवन गिर गया था। जिस समय भवन गिरा उस समय स्कूल में छुट्टी थी और बच्चे वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद स्कूलों की खराब हालत को लेकर सवाल उठे। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने गुना ब्लॉक के 100 ऐसे सरकारी स्कूलों की सूची प्रशासन को सौंपी जिनकी हालत खराब बताई गई।
वहीं फरवरी 2026 में कटनी जिले के बम्हनगवां सरकारी स्कूल में जर्जर दीवार गिरने से पांचवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई थी। बच्चा पुराने बाथरूम के पास गया था तभी दीवार अचानक गिर गई और वह मलबे में दब गया था।
