मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रानीसिंह गांव में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भीड़ से पूछा कि क्या उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। इस पर कई लोगों ने एक साथ कहा, 'दे दो, दे दो।' यह कार्यक्रम आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर हुआ था। भीड़ के रुख से विधायक असहज नजर आए।
विधायक और जनता के बीच बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में कमलेश्वर डोडियार कहते सुनाई दे रहे हैं कि जीतने के बाद वह विधानसभा में दूसरे विधायकों के साथ क्यों बैठते हैं, यह सवाल उठाया जाए तो जवाब यह है कि सदन में 230 विधायकों की सीटें हैं और आने-जाने का रास्ता एक ही है। सीटें पास-पास लगी हैं। उन्होंने पूछा कि वह क्या करें और क्या इस्तीफा दे दें।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में पुलिस के तबादले पर फूट-फूटकर रोई महिला कांस्टेबल, वीडियो वायरल
जनता से उन्होंने सवाल किया कि बताइए कि क्या वह इस्तीफा दे दें। भीड़ ने चिल्लाकर कहा कि हां इस्तीफा दे दो।
'ठीक है, कर देंगे लेकिन भोपाल जाना पड़ेगा'
भीड़ के जवाब के बाद जनसभा में तेज आवाजें उठने लगीं। कमलेश्वर डोडियार ने लोगों से शांत होने को कहा। सैलाना विधानसभा सीट से विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि ठीक है, वह कर देंगे, लेकिन इसके लिए भोपाल जाना पड़ेगा।
मंच पर भी हुआ विधायक का विरोध
जब वह मंच पर पहुंचकर राजनीतिक बात कर रहे थे, एक शख्स ने विधायक की बात पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यहां भाषण बिरसा मुंडा के विचारों, जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर बात होनी चाहिए। राजनीतिक बात नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'बाप का बदला, बेटियों ने लिया...', वाराणसी में डोसा शॉप पर लड़कियों ने काटा बवाल
क्या सफाई दे रहे हैं कमलेश्वर डोडियार?
PTI से बात करते हुए कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि कार्यक्रम में कुछ 'उपद्रवी किस्म' के लोग उन्हें उकसा रहे थे। उनके मुताबिक ये लोग उन पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। उन्होंने कहा कि माहौल शांत करने के लिए ही उन्होंने विधानसभा से इस्तीफे की बात कही थी।
