मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) की दुनिया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अबू धाबी के एक होटल की लॉबी में पूर्व UFC बैंटमवेट चैंपियन मेराब द्वालिश्विली और PFL लाइटवेट चैंपियन उस्मान नूरमगोमेदोव के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि उस्मान अपने कुछ साथियों के साथ मेराब के पास पहुंचते हैं और उनको अचानक से थप्पड़ मार देते हैं। चेहरे पर थप्पड़ पड़ने के बाद मेराब भी प्रतिक्रिया देते हैं और इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो जाती है। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ जाता है कि होटल की लॉबी अखाड़े में तब्दील हो जाती है।
यह भी पढ़ें: 'संसद का तीन दिन का सत्र बुलाएंगे', परिसीमन को लेकर अमित शाह पर बरसी कांग्रेस
जमकर हुआ बवाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना बुधवार, 11 नवंबर को अबू धाबी के एक होटल में हुई। मेराब वहां RAF अबू धाबी इवेंट के प्रमोशन के लिए इंटरव्यू दे रहे थे। इसी दौरान उस्मान नूरमगोमेदोव अपने कुछ साथियों के साथ पीछे से वहां पहुंचे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि उस्मान पहले मेराब से कुछ कहते हैं और फिर उनके चेहरे पर थप्पड़ मार देते हैं।
इसके बाद दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़ते हैं। इस दौरान मेराब के दोस्त सबा लाजिश्विली भी मारपीट में शामिल हो जाते हैं। वीडियो में कुछ लोगों को एक-दूसरे को जमीन पर गिराते और लात-घूंसे चलाते देखा जा सकता है।
मेराब ने क्या बताया?
घटना के बाद मेराब ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके चेहरे से खून निकलता दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह अपने दोस्त के साथ इंटरव्यू दे रहे थे, तभी उस्मान और उनके साथी पीछे से आकर हमला करने लगे। मेराब ने कहा कि सुरक्षा में लगे लोग उन्हें पकड़े हुए थे और इस दौरान हमलावर उन्हें और उनके दोस्त को नीचे गिराकर लात मारते रहे। उन्होंने इस तरीके को कायराना बताते हुए कहा कि अगर किसी को लड़ना है तो सामने आकर लड़े। मेराब ने यह भी कहा कि वह ठीक हैं और उनके परिवार तथा दोस्तों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें: प्रदेश की संपत्तियां मित्रों को सौंप रहे सीएम सुक्खू, जयराम ठाकुर ने लगाया आरोप
क्यों हुआ विवाद?
इस विवाद की एक वजह नूरमगोमेदोव परिवार और मेराब के बीच पुरानी रंजिश को भी माना जा रहा है। जनवरी 2025 में UFC 311 के दौरान मेराब ने उस्मान के भाई उमर नूरमगोमेदोव को हराकर अपना बैंटमवेट खिताब बचाया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। हाल के महीनों में भी दोनों के बीच बयानबाजी लगातार होती रही है। अब इस मारपीट ने पुरानी दुश्मनी को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
मामले के बाद अबू धाबी की स्थानीय पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक मेराब खुद इस मामले में शिकायत दर्ज कराने के पक्ष में नहीं हैं। इस बीच घटना का वीडियो सामने आने के बाद MMA जगत में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। UFC फाइटर इलिया टोपुरिया ने भी इस घटना की आलोचना की है। खास बात यह है कि मेराब को 14 नवंबर को RAF अबू धाबी इवेंट में मार्लन मोराएस के खिलाफ मुकाबला करना है।
