एक तरफ भारत आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी कर रहा है तो दूसरी तरफ भारत के हर गली मोहल्ले में क्रिकेट टूर्नामेंट्स भी हो रहे हैं। भारत में क्रिकेट का बहुत ज्यादा क्रेज है और यही कारण है कि यहां क्रिकेट के छोटे बड़े कई आयोजन होते हैं। क्रिकेट टूर्नामेंट में प्राइज के रूप में आम तौर पर पैसा और ट्रॉफी दिया जाता है लेकिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक खास प्राइज दिया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मैन ऑफ द मैच को इनाम में देसी मुर्गा दिया जा रहा है। 

 

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जह मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच चुना गया, तो उसे ना तो ट्रॉफी दी गई और ना ही पैसे। इसके बजाय आयोजकों ने ऐसा इनाम दिया, जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता। खिलाड़ी को मंच से इनाम में एक जिंदा देसी मुर्गा दिया गया। जैसे ही इनाम की घोषणा हुई मैदान में तालियां बजने लगी और हर कोई हंस रहा था।

 

कहां का है मामला?

यह दिलचस्प मामला उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट का है। इस टूर्नामेंट में आसपास की कई टीमों ने हिस्सा लिया। मैच को यूट्यूब पर लाइव भी दिखाया जा रहा था और दर्शकों की भीड़ भी जमा थी। मैच के दौरान कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया लेकिन असली मजा तो तब आया जब इनाम की घोषणा हुई। हर किसी को लग रहा था कि इनाम में कैश या ट्रॉफी दी जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 

इनाम में जिंदा देसी मुर्गा

सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मैच के बाद खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच के लिए बुलाया जाता है। इस दौरान आयोजक पहले एक मुर्गे की तस्वीर वाला पोस्टर खिलाड़ी को देते हैं और इसके बाद पास में खड़ा एक व्यक्ति एक जिंदा मुर्गा उस खिलाड़ी के हाथ में थमा देता है। खिलाड़ी भी हंसते हुए मुर्गे को पकड़ लेता है और अपने एक हाथ में मुर्गा पकड़कर सभी को दिखाता है। इस दौरान वहां खड़े लोग हंसते हैं और कुछ लोग अपने फोन में इस घटना की वीडियो को रिकॉर्ड करते हैं। 

क्या बोले लोग?

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही लोग मजेदार कमेंट करने लगे। एक व्यक्ति ने लिखा कि हमारे यहां तो पुरस्कार में बकरा रखा जाता है। एक व्यक्ति ने मिला इससे बेहतर कोई प्राइज नहीं हो सकता था। एक अन्य व्यक्ति ने लिखा यही सब तो असली गिफ्ट है। कुछ लोग लिख रहे हैं कि ट्रॉफी कप से कहीं बेहतर है यह मुर्गा।