उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर इलाके में सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वाली तीन बहनों ने अपने ही कैमरामैन के साथ चामुंडा माता मंदिर में एक ही मंडप के नीचे शादी कर ली है। युवतियों ने बताया कि वे बचपन से साथ रही हैं और शादी के बाद अलग होने के खौफ से परेशान थीं। जिसके चलते उन्होंने अपने कैमरामैन से एक साथ शादी कर ली ताकि वे हमेशा एक ही घर में साथ रह सकें। इस घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया।
यह घटना अमरोहा के धौरिया गांव और श्यामपुर गांव से जुड़ी है। इस शादी में श्यामपुर गांव का रहने वाला विकास शामिल है, जिसकी उम्र करीब 20 से 23 साल है। विकास पिछले छह महीने से इन लड़कियों के साथ कैमरामैन का काम कर रहा था और वीडियो में इनके पति का किरदार भी निभाता था। इसके अलावा धौरिया गांव की रहने वाली 20 साल की सरोज, धौरिया गांव की ही 19 साल की सावित्री, और मेहरपुर गांव की रहने वाली 18 साल की संतोष शामिल हैं। संतोष, सरोज और सावित्री की ममेरी बहन है और ये तीनों मिलकर सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती थीं।
यह भी पढ़ें: FIFA फाइनल के लिए ली झूठी छुट्टी, पोल खुली तो बॉस ने ऐसे सिखाया सबक
शादी की रस्में
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि विकास ने मंदिर में तीनों लड़कियों की मांग में सिंदूर भरा है और शादी की रस्में पूरी की हैं। इस शादी में लड़का या लड़की पक्ष का कोई भी परिवार वाला या रिश्तेदार मौजूद नहीं था। चामुंडा माता मंदिर के मैनेजर डॉ. शिवचरण दास ने बताया कि जब यह शादी हो रही थी तब मंदिर में मरम्मत का काम चल रहा था और उस समय मंदिर में कोई मुख्य पुजारी या पंडित मौजूद नहीं था।
सरोज ने एक वीडियो जारी कर बताया कि वे सब बचपन से साथ रही हैं और एक-दूसरे के बिना रहने की सोच नहीं सकतीं। उन्हें पता चला कि घर वाले उनकी शादी अलग-अलग जगहों पर तय करने वाले हैं तब वे तनाव में आ गई थीं। तनाव बढ़ने के बाद उन्होंने मिलकर एक ही आदमी से शादी करने का निर्णय लिया ताकि वे अलग न हों। उन्होंने बताया कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ हैं। विकास ने कहा कि ये तीनों आपस में इतना प्यार करती हैं कि इन्हें अलग से प्यार की जरूरत नहीं है वह सिर्फ एक जरिया है ताकि ये एक साथ रह सकें।
लोगों की बात
वीडियो आने के बाद कुछ लोगों ने कहा कि यह उनकी अपनी मर्जी है लेकिन कुछ स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया। इसके जवाब में लड़कियों ने एक और वीडियो बनाया और कहा कि पुराने समय में राजा दशरथ की भी तीन रानियां थीं। उन्होंने कहा कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें: 'ताला खुलवाइए बस वादे मत कीजिए...', DM से भिड़ा 13 साल का बच्चा
पुलिस की कार्रवाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील अनुराग पांडे ने बताया है कि कानून के हिसाब से यह शादी पूरी तरह से अवैध और गलत है, कोई भी आदमी एक साथ एक से ज्यादा पत्नी नहीं रख सकता। इस मामले के आने के बाद हसनपुर के पुलिस अधिकारी पंकज त्यागी और पुलिस ने विकास, सरोज, सावित्री और संतोष को थाने बुलाया। पुलिस ने उम्र के कागज चेक किए और उनके लिखे हुए बयान लिए जिसमें चारों ने बालिग होने और मर्जी से साथ रहने की बात कही। पुलिस के मुताबिक अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है और शिकायत मिलने पर नियम के मुतबिक कार्रवाई की जाएगी।
