सोशल मीडिया पर एक वीडिया काफी ज्यादा वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक बदमाश बंदूक दिखाकर चोरी करने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि किस तरह से वह एक जनसेवा केंद्र में लूट करने की कोशिश करता है लेकिन जनसेवा केंद्र में स्थित कर्मचारी की समझदारी से वह पकड़ा जाता है। सोशल मीडिया पर लोग अब इसे नौसिखिया बदमाश कह रहे हैं।
वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के बनारस का बताया जा रहा है। यह घटना एक जनसेवा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हुई। वीडियो में जनसेवा केंद्र के कैश काउंटर पर एक व्यक्ति हेलमेट पहनकर आता है और फिर बंदूक दिखाकर धमकाने की कोशिश करता है।
यह भी पढ़ें: पंजाब-हरियाणा में बारिश, राजस्थान में लू, कश्मीर से कन्याकुमारी तक मौसम का हाल
कर्मचारी ने दिखाई समझदारी
बदमाश बंदूक लेकर जनसेवा केंद्र के अंदर दाखिल होता है और काउंटर पर जाकर कहता है कि तुरंत 6 हजार रुपये निकालो। इस पर जनसेवा केंद्र का कर्मचारी कहता है कि क्या दें? बदमाश फिर से दबी आवाज में कहता है 6 हजार रुपये दो। इसके बाद वह बंदूक दिखाकर धमकाने की कोशिश करता है और कहता है कि दे नहीं तो चलाएंगे गोली।
इसके बाद बदमाश 10 हजार रुपये की मांग करता है। जनसेवा केंद्र में तैनात कर्मचारी समझदारी दिखाते हुए कहता है कि पैसा यहां नहीं दूसरी तरफ रखा है। इसके बाद जनसेवा केंद्र वाले ने दुकान से लगे घर का दरवाजा खोला और फुर्ती से अंदर चला गया।
बदमाश ने की भागने की कोशिश
जनसेवा केंद्र का कर्मचारी अपनी समझदारी से उस बदमाश से बच गया। लोग सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि बदमाश नौसिखिया था। इसके बाद बदमाश को लगा की अब वह पकड़ा जा सकता है इसलिए उसने भी फुर्ती दिखाई और भागने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। इसके बाद वह तुरंत वहां से भाग खड़ा हुआ और बाहर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल पर बैठकर भागने लगा। इतने में वह कर्मचारी दूसरे दरवाजे से निकलता है और उसे पकड़ने की कोशिश करता है। बताया जा रहा है कि वह बदमाश अब पकड़ा गया है। हालांकि, अभी तक कानूनी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: जिस क्रूज में फैला हंता वायरस, वहां मौजूद भारतीयों का हाल क्या है?
वीडियो वायरल
यह पूरी घटना जनसेवा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इस फुटेज को शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, 'बदमाशी में इंटर्न करने वाला गौतम पटेल प्रेशर झेल ना पाया और भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़ा गया। बदमाशी का इंटर्न करने वाला गौतम पटेल पहले ही अंडरकॉन्फिडेंट दिख रहा था। मिमिया रहा था और कभी 6 हजार तो कभी 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।' एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, 'इसकी तो शुरुआत ही खराब हो गई, अब क्या ही चोर बनेगा यह।' एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि कम से कम ड्राइवर तो रख लेता।
