उत्तर प्रदेश के झांसी में वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लखनऊ के रहने वाले यात्री श्रवण कुमार का आरोप है कि बैग में से टिकट निकालने में कुछ देर हो जाने पर ड्यूटी पर मौजूद महिला TTE ने उन्हें बेइज्जत किया। उनका कहना है कि TTE ने उन पर जातिसूचक टिप्पणी भी की है। वीडियो वायरल होने के बाद TTE को सस्पेंड कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

यह घटना 8 नवंबर की है, जब श्रवण कुमार अपने दो साथियों के साथ कर्नाटक एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12627) से झांसी पहुंचे थे। यात्री ने बताया कि TTE ने उनसे टिकट मांगा पर श्रवण को टिकट ढूंढने में थोड़ा वक्त लग रहा था। उन्होंने TTE से PNR नंबर के जरिए जांच करने का अनुरोध किया। इसे कथित तौर पर TTE ने मना कर दिया। साथ ही उन्हें स्टाफ ऑफिस ले जाया गया। वहां बहस बढ़ने पर यात्री ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: 'बताओ जी, हैप्पी दीवाली', रिश्वत मांगने वाला होमगार्ड हो गया गिरफ्तार

वायरल वीडियो में क्या आया सामने?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला TTE यात्री से यह कहती सुनी जा रही हैं कि यहां से सीधे निकल जाओ। दोबारा इस स्टेशन पर दिखे तो अच्छा नहीं होगा। TTE ने टिकट नहीं दिखाए जाने के कारण कहा, 'यहां से सीधे निकल जाओ। स्टेशन पर दिख मत जाना। दिख गए तो तुम्हारी खैर नहीं। ऑनलाइन टिकट कन्फर्म है। टिकट कन्फर्म नहीं होगा तो तुम घुस नहीं पाओगे। तुम्हें कुछ नहीं पता तुम अंगूठा छाप हो।'

 

 

आगे TTE ने कहा, 'अभी तुरंत यहां से बाहर निकल जाओ। मुझे तुम्हारी शक्ल से नफरत है। अगर हम बिजी नहीं होते तो तुम्हें बताते कि हम क्या चीज है।' 

रेलवे का एक्शन

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। पीड़ित यात्री ने वीडियो पोस्ट करते हुए रेलवे की आधिकारिक शिकायत सेवा पर लिखित शिकायत दर्ज कराई। वीडियो के सामने आते ही लोगों ने रेलवे अधिकारियों और TTE के रवैये पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। मामला तूल पकड़ते ही उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों ने घटना का संज्ञान लिया। आरोपी TTE को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: 'पटाखे जलाने से ठीक होती हैं कई बीमारियां', BJP विधायक पपिया अधिकारी का दावा

रेलवे ने शुरू की विभागीय जांच

रेलवे प्रशासन ने इस पूरी घटना की जांच बैठा दी है। दोनों का पक्ष सुनने के बाद ही फैसला लिया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।