राजस्थान के बाड़मेर जिले की जिलाधिकारी और प्रसिद्ध आईएएस अधिकारी टीना डाबी एक बार फिर चर्चा में हैं। गणतंत्र दिवस 2026 के मौके पर हुए ध्वजारोहण के दौरान उनसे एक छोटी सी चूक हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
26 जनवरी 2026 को बाड़मेर जिला कार्यालय परिसर में तिरंगा फहराने का कार्यक्रम था। टीना डाबी ने सम्मानपूर्वक झंडा फहराया। सभी अधिकारी और जवान सावधान मुद्रा में खड़े हो गए। लेकिन झंडा फहराने के बाद टीना डाबी को समझ नहीं आया कि सैल्यूट किस दिशा में करना है। वह थोड़ी भ्रमित नजर आईं और गलत तरफ मुंह करके सैल्यूट करने लगीं।
यह भी पढ़ेंः IAS टीना डाबी ने ऐसा क्या कर दिया कि राष्ट्रपति से मिल गया पुरस्कार?
सुरक्षाकर्मी ने सुधारी गलती
तभी उनके पीछे खड़े सुरक्षाकर्मी ने धीरे से हाथ के इशारे से उन्हें सही दिशा बताई। सुरक्षाकर्मी ने कहा जैसे - ‘मैडम, चेहरा इधर घुमाइए और सैल्यूट कीजिए।’ इस छोटी मदद से टीना डाबी ने सही दिशा में मुंह करके सैल्यूट किया। यह पूरा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' और अन्य जगहों पर तेजी से फैल गया। लोग इसे देखकर मजाक उड़ा रहे हैं।
यूजर्स ने कसा तंज
कुछ यूजर्स ने लिखा कि UPSC टॉपर और जिले की सबसे बड़ी अधिकारी से प्रोटोकॉल की इतनी बेसिक गलती? कुछ ने तंज कसा कि उनका ध्यान झंडे पर कम और कैमरे पर ज्यादा था, ताकि अच्छी फोटो या रील बने। ट्रोलर्स कह रहे हैं - ‘सेलिब्रिटी आईएएस बनने की होड़ में अधिकारी बुनियादी नियम भूल जाते हैं?’ कई लोगों ने पूछा कि क्या कैमरों के सामने रहने की आदत पड़ गई है?
यह भी पढ़ेंः जोधपुर समेत राजस्थान के 3 शहरों में 'रेड अलर्ट', घर में रहने की सलाह
वीडियो हुआ वायरल
हालांकि यह सिर्फ एक छोटी सी मानवीय गलती थी, लेकिन वीडियो वायरल होने से बड़ी बहस छिड़ गई है। टीना डाबी 2015 में UPSC की टॉपर रहीं थीं और सोशल मीडिया पर उनकी काफी फैन फॉलोइंग है। बाड़मेर में वे जिलाधिकारी के रूप में काम कर रही हैं।
बताया- क्यों हुआ ऐसा?
हालांकि, एक मीडिया से बात करते हुए टीना डाबी ने अपनी बात रखी झंडा फहराए जाने के दौरान उनके दोनों तरफ कर्मचारी खड़े थे। उन्होंने कहा कि उन्हें देखते हुए वह स्वाभाविक रूप से थोड़ी तिरछी खड़ी हो गई थीं।
डाबी ने कहा कि उन्होंने तुरंत अपनी गलती में सुधार कर लिया था। इसे उन्होंने एक सामान्य स्थिति बताया और कहा कि असावधानी या अनादर का सवाल ही नहीं उठता।
