दिल्ली की यमुना नदी में मरी मछलियों पर सियासत भड़क गई है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दावा है कि मरी मछलियां आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली सरकार को बदनाम करने के मकसद से डाल दिया है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि जब पानी इतना जहरीला है तो मछलियां मरी ही होंगी। दोनों दलों की सियासी लड़ाई में पहली बार वीडियो शेयर कर चर्चा में आने वाले सुरेंद्र सिंह आजाद मुश्किलों में फंस गए हैं। 

यमुना नदी में मरी मछलियों का वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर डालने वाले सुरेंद्र सिंह आजाद को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद सुरेंद्र सिंह आजाद ने ANI से बातचीत में दावा किया है कि उनके सामने बाढ़ विभाग के कर्मचारियों ने मछलियों की मौत की वजह प्रदूषित पानी और केमिकल बताई थी।

यह भी पढ़ें: मशीनें उतरीं, डीसिल्टिंग हुई, एक साल में दिल्ली की यमुना कितनी साफ हुई?

दिल्ली पुलिस ने क्यों हिरासत में लिया? 

नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने दिल्ली सरकार के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग की शिकायत पर यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार उन्हें गलत मंशा से अफवाह फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वजीराबाद थाने में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353, 352 और 240 के तहत FIR दर्ज की गई है।

  • धारा 353: सार्वजनिक उपद्रव फैलाने वाले बयान
  • धारा 352: शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना
  • धारा 240: घटना या अपराध के बारे में झूठी जानकारी देना 

कैसे यमुना किनारे पहुंचे थे आजाद?

सुरेंद्र सिंह आजाद ने दावा किया कि उन्हें सूचना मिली कि यमुना में हजारों मछलियां मर गईं हैं, तड़प रहीं हैं। वहां वह नाव लेकर यमुना किनारे पहुंच गए। उनका कहना है कि वहां बाढ़ विभाग की एक नाव खड़ी थी। विभाग के कर्मचारी मरी और तड़पती मछलियों को इकट्ठा कर नाव में रख रहे थे। 

सुरेंद्र सिंह आजाद ने बताया कि नाव में काफी मछलियां जमा हो चुकी थीं। वह कैमरे के साथ कर्मचारियों के पास गए और पूछा कि ये मछलियां कहां से आईं। कर्मचारियों ने जवाब दिया कि मछलियां यमुना में मरी या तड़पती हालत में मिली थीं।

यह भी पढ़ें: बिना व्रत रखे छठी मैया की कृपा कैसे पाएं? कथा से समझिए

प्रदूषण की वजह से मर गईं मछलियां?

सुरेंद्र सिंह आजाद ने दावा किया कि जब उन्होंने मौत का कारण पूछा तो कर्मचारियों ने प्रदूषित पानी और केमिकल की बात कही। मरी मछलियों की संख्या पूछने पर कर्मचारी कोई सही आंकड़ा नहीं बता सके। इसके बाद आजाद थोड़ा आगे बढ़े, जहां उन्हें कई और मछलियां बहती दिखीं। उन्होंने उन्हें भी कैमरे में रिकॉर्ड किया। उन्होंने यह फुटेज फेसबुक और इंस्टाग्राम पर डाली, जिसके बाद वीडियो वायरल हो गया। वह वीडियो में दावा कर रहे हैं कि लाखों मछलियां पानी में मर गईं हैं।

गिरफ्तारी पर क्या कह रहे हैं?

सुरेंद्र सिंह आजाद ने बताया कि वह छठ पूजा के एक कार्यक्रम के लिए अपने दोस्त के घर जा रहे थे। तभी वजीराबाद थाने की पुलिस और मौरिस नगर इलाके के साइबर सेल के अधिकारियों ने उन्हें रोका और हिरासत में ले लिया। उन्होंने दावा किया कि दलित वर्ग से आने की वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वह भीमराव आंबेडकर के वंशज हैं, हारेंगे नहीं, लड़ेंगे। 

सुरेंद्र सिंह आजाद के मुताबिक उन्हें पहले वजीराबाद थाने ले जाया गया। थाना प्रभारी (SHO) के सामने पेश करने के बाद उन्हें मौरिस नगर थाने भेजा गया। वहां उनसे लंबी पूछताछ हुई और उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई। सुरेंद्र सिंह आजाद ने कहा कि वह अब वहां से लौट आए हैं। उनके साथ एडवोकेट अरविंद और कुछ अन्य साथी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को अदालत में पूरी मजबूती से लड़ेंगे।

 

यह भी पढ़ें: 'पटाखे जलाने से ठीक होती हैं कई बीमारियां', BJP विधायक पपिया अधिकारी का दावा

पुलिस पहले ही दर्ज कर चुकी है अज्ञात के खिलाफ मामला

नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की DCP निहारिका भट्ट ने कहा था कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी। शनिवार को पुलिस ने एक और शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसे बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।

कौन हैं सुरेंद्र सिंह?

सुरेंद्र सिंह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं लेकिन खुद को अभी किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं बता रहे हैं। उनका कहना है कि वह न्याय की लड़ाई लड़ते हैं और अब इस मुद्दे को अदालत तक ले जाएंगे। पुलिस और जल विभाग के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे।