भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर युवराज सिंह के पिता और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने एक दिलचस्प दावा किया है। योगराज सिंह के मुताबिक, कम उम्र में मिली शुरुआती सफलता के बाद अभिषेक का ध्यान क्रिकेट से भटकने लगा था। वह देर रात तक पार्टियां करते थे और अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए भी रात में बाहर रहते थे। स्थिति ऐसी हो गई थी कि उनके पिता भी उन्हें कंट्रोल नहीं कर पा रहे थे।

 

 युवराज सिंह के पिता और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने ये सारे दावे एक इंटरव्यू में किए हैं। उन्होंने कहा कि जब अभिषेक शर्मा परिवार और पिता के कंट्रोल से बाहर हो गए थे तब उनके पिता ने अभिषेक को संभालने की जिम्मेदारी युवराज सिंह को दी थी। उनके अनुसार, इस के बाद युवराज सिंह ने उन्हें कंट्रोल किया। 

 

यह भी पढ़ें: भगवंत मान vs अमृतपाल, मुख्यमंत्री को अपने ही गढ़ में घेरने की है तैयारी?

युवराज सिंह ने संभाला

योगराज सिंह ने बताया कि अभिषेक युवराज के मार्गदर्शन में आए तो उनकी लाइफस्टाइल पर सख्ती शुरू हुई। देर रात की पार्टियों और रात में गर्लफ्रेंड से मिलने पर रोक लगाने के लिए युवराज ने उन्हें स्पष्ट नियमों का पालन करने को कहा। योगराज सिंह ने एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि एक बार युवराज ने उनके सामने अभिषेक शर्मा को फोन किया और पूछा कि वह कहां है। उनके अनुसार, उस समय अभिषेक अपने घर पर नहीं थे, जबकि रात के 9 बज चुके थे। इस पर युवराज उनसे नाराज हो गए थे और उन्हें डांटकर कहा कि वह घर पर चले जाएं सोने। 

 

योगराज के मुताबिक, अभिषेक शर्मा युवराज सिंह से डरते थे। जब अभिषेक की जिम्मेदारी युवराज को दी गई तब तक अभिषेक कंट्रोल से बाहर हो चुके थे। योगराज सिंह ने कहा कि युवी ने कहा कि इसको ताला लगाओ। अभिषेक के साख सख्ती की गई ताकि वह ट्रैक पर आ सकें। 

युवराज ने अभिषेक का टैंलेंट पहचाना

योगराज सिंह के अनुसार, युवराज ने अभिषेक की प्रतिभा को काफी पहले पहचान लिया था। उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन से अभिषेक के प्रदर्शन के आंकड़े मंगवाए थे। योगराज ने दावा किया कि उस समय अभिषेक को मुख्य रूप से गेंदबाज के तौर पर देखा जा रहा था, जबकि उनके रिकॉर्ड में बल्लेबाजी की शानदार उपलब्धियां मौजूद थीं। युवराज ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उनके क्रिकेट को सही दिशा देने में मदद की।

 

योगराज ने अभिषेक की तुलना हीरे से करते हुए कहा कि जब एक हीरा दूसरे हीरे के हाथ में आता है तो वह कोहिनूर बन जाता है। उनका मानना है कि युवराज के मार्गदर्शन ने अभिषेक के करियर को नई दिशा दी। उन्होंने यह भी कहा कि युवराज ने शुभमन गिल के साथ भी इसी तरह अनुशासन और मार्गदर्शन का काम किया।

 

यह भी पढ़ें: 20 रुपये की रिश्वत का 30 साल चला केस, सुप्रीम कोर्ट ने 2 कर्मचारियों को किया बरी

अभिषेक का योगराज सिंह से क्या संबंध है?

अभिषेक शर्मा का योगराज सिंह के परिवार से कोई पारिवारिक रिश्ता तो नहीं है लेकिन क्रिकेट ने उन्हें एक साथ ला दिया है। अभिषेक शर्मा को योगराज सिंह के बेटे युवराज सिंह ही मेंटर कर रहे हैं और ट्रेनिंग दे रहे हैं। युवराज ने उनकी बल्लेबाजी और क्रिकेटिंग करियर को निखारने में अहम भूमिका निभाई है। यही वजह है कि अभिषेक और युवराज के बीच काफी करीबी रिश्ता है। हालांकि, योगराज सिंह के इन दावों पर अभी तक अभिषेक शर्मा या उनके परिवार की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है।