IT और कंसल्टिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एक्सेंचर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (Accenture) ने हैदराबाद में 10 लाख वर्गफुट से अधिक ऑफिस स्पेस लीज पर लेकर एक बड़ी कारोबारी डील की है। कंपनी अगले 10 वर्षों में इस ऑफिस स्पेस के लिए 1,000 करोड़ रुपये से अधिक किराया चुकाएगी। मीडिया रिपोर्ट में छपे प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, यह हैदराबाद के कमर्शियल रियल एस्टेट सेक्टर की सबसे बड़ी लीज डील्स में से एक मानी जा रही है।

 

Accenture ने हैदराबाद के कोंडापुर इलाके में स्थित 'अपरणा टेक्नोपोलिस' में यह ऑफिस स्पेस किराये पर लिया है। यह प्रोजेक्ट अपर्णा IT हब LLP का है और शहर के प्रमुख IT हब में मौजूद है। कंपनी ने इस प्रोजेक्ट के दो ब्लॉकों की कई मंजिलों में फैली करीब 10.17 लाख वर्गफुट जगह को लीज पर लिया है।

 

यह भी पढ़ें: व्हाट्सएप के नए CEO कुणाल शाह कौन हैं? उनकी कंपनी CRED को पैसा देंगे जुकरबर्ग

दो चरणों में लागू होगी लीज

दस्तावेजों के मुताबिक, लीज एग्रीमेंट का रजिस्ट्रेशन 10 जून 2026 को हुआ था। इस डील को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा 10 साल के लिए है, जिसकी शुरुआत 1 अप्रैल 2026 से मानी जाएगी। वहीं, दूसरा हिस्सा 9 साल 7 महीने के लिए तय किया गया है और इसकी शुरुआत 1 सितंबर 2026 से होगी। कंपनी ऑफिस स्पेस के लिए शुरुआती तौर पर 74 रुपये प्रति वर्गफुट प्रति माह किराया देगी। वहीं, कैफेटेरिया के लिए किराया 37 रुपये प्रति वर्गफुट प्रति माह तय किया गया है।

 

इस समझौते के तहत Accenture को कुल 996 खास कार पार्किंग स्लॉट भी मिले हैं। इनमें से 976 पार्किंग स्पेस ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए रखे गए हैं, जबकि 20 पार्किंग स्लॉट कैफेटेरिया के संचालन के लिए तय किए गए हैं। इसके अलावा कंपनी ने करीब 29.5 करोड़ रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा कराई है।

 

यह भी पढ़ें: सोने-चांदी के दाम ठहरे, आपके शहर में क्या भाव है? यहां चेक करें

क्यों कंपनियों की पहली पसंद बन रहा है हैदराबाद?

पिछले कुछ सालों में हैदराबाद देश के सबसे तेजी से बढ़ते ऑफिस मार्केट्स में शामिल हो गया है। कोंडापुर, गाचीबौली, हाईटेक सिटी और फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट जैसे इलाकों में बड़ी-बड़ी विदेशी कंपनियां लगातार निवेश कर रही हैं और अपने ऑफिस भी खोल रही हैं। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल कर्मचारियों की उपलब्धता और दूसरे बड़े शहरों के मुकाबले कम खर्च की वजह से हैदराबाद अब दुनियाभर की बड़ी कंपनियों की पहली पसंद बन गया है।