भारतीय पूंजी बाजार में इस समय दो बिल्कुल अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। एक तरफ गुजरात की GIFT City में मौजूद NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज यानी NSE IX लगभग चौबीसों घंटे ट्रेडिंग कर रही है। एक्सचेंज की ओर से 3 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर से इसके बाजार का कुल ऑपरेशन समय बढ़ाकर 23 घंटे 30 मिनट कर दिया गया है। अब यहां भारतीय समयानुसार सुबह 3:15 बजे से अगले दिन सुबह 2:45 बजे तक कामकाज होता है।

 

इसी सिक्के का दूसरा पहलू मुंबई के घरेलू शेयर बाजारों से जुड़ा है। देश के करोड़ों आम निवेशक जहां रोजाना शेयर खरीदते-बेचते हैं। उन घरेलू एक्सचेंजों यानी NSE और BSE में ट्रेडिंग का समय बढ़ाने को लेकर बाजार रेगुलेटरी SEBI बेहद सावधानी बरत रहा है। एक ही देश में दो एक्सचेंजों के लिए नियम और रफ्तार इतने अलग क्यों हैं, इसे समझने के लिए दोनों बाजारों की बनावट और उनके नियामकीय ढांचे के फर्क को देखना जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें: दो दिन की तेजी के बाद फिर गिरा शेयर मार्केट, सोना चांदी का भाव जानिए

नाम एक जैसा, पर पूरी तरह अलग हैं दोनों

अक्सर आम निवेशक नाम में NSE जुड़े होने के कारण NSE IX और मुंबई स्थित घरेलू NSE को एक ही मान लेते हैं लेकिन दोनों का दायरा और काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है। साथ ही, NSE IX के साढ़े 23 घंटे के समय को लेकर एक तकनीकी बारीकी समझना भी जरूरी है। एक्सचेंज ने इसे बाजार का पूरा काम करने का समय बताया है। इसके टेक्नोलॉजी सिस्टम को दो सेशन के बीच मेंटेनेंस के लिए महज 3 मिनट और दिन के अंत में 15 मिनट से भी कम समय लगता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि यहां पूरे साढ़े 23 घंटे लगातार ट्रेडिंग होती है। इसका मतलब है अलग-अलग उत्पादों के कारोबार का समय अलग-अलग हो सकता है। इसका मुख्य मकसद एशिया, यूरोप और अमेरिका के बाजारों के समय के साथ तालमेल बिठाना है।

 

GIFT City में एक्सचेंज होने का यह अर्थ नहीं है कि भारत का कोई भी आम निवेशक वहां जाकर सीधे ट्रेडिंग शुरू कर सकता है। निवेश की पात्रता तीन श्रेणियों में बंटी हुई है। पहला, विदेशी निवेशक और विदेशी संस्थाएं IFSCA से रजिस्टर्ड ब्रोकर-डीलर के जरिए यहां आसानी से कारोबार कर सकते हैं। उनके लिए यह एक ही जगह से कई वैश्विक बाजारों तक पहुंचने का जरिया है।

 

दूसरे NRI जो कि तय नियमों और पात्रता के दायरे में रहकर यहां के एक्सचेंजों में निवेश कर सकते हैं। तीसरे, भारतीय रिजर्व बैंक की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के तहत एक वित्त वर्ष में अधिकतम 2.5 लाख अमेरिकी डॉलर विदेश भेज सकता है। NSE IX ने भारतीय निवेशकों को ग्लोबल स्टॉक्स में निवेश की सुविधा दी है लेकिन LRS के तहत विदेशी शेयर खरीदने की छूट का मतलब यह नहीं है कि घरेलू निवेशक GIFT में भी कारोबार कर सकते हैं।

घरेलू बाजार का समय बढ़ाने पर क्यों लगा ब्रेक?

घरेलू शेयर बाजार का समय बढ़ाने की चर्चा नई नहीं है लेकिन इसकी राह में व्यावहारिक अड़चनें ज्यादा हैं। 4 मई 2018 को SEBI ने एक सर्कुलर जारी कर एक्सचेंजों को इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट में सुबह 9 बजे से रात 11:55 बजे तक कारोबार चलाने की सैद्धांतिक अनुमति दी थी। हालांकि, इसके लिए मजबूत रिस्क मैनेजमेंट, पोजिशन की निगरानी, पर्याप्त स्टाफ और SEBI की पूर्व मंजूरी जैसी कड़ी शर्तें रखी गई थीं।

 

 

इसी कड़ी में 2023 के दौरान NSE ने इंडेक्स फ्यूचर और ऑप्शन यानी Index F&O में शाम का एक अतिरिक्त सेशन शुरू करने का प्रस्ताव रखा। योजना यह थी कि सुबह 9:15 से दोपहर 3:30 बजे के नियमित कारोबार के बाद शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक दोबारा बाजार खुले, ताकि निवेशक अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों की खबरों पर तुरंत प्रतिक्रिया दे सकें। लेकिन मई 2024 में NSE के एमडी और सीईओ आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि SEBI ने यह प्रस्ताव वापस कर दिया है। इसकी सबसे बड़ी वजह ब्रोकर समुदाय के बीच सहमति की कमी थी। ब्रोकरों को चिंता थी कि देर रात तक ऑफिस, स्टाफ, बैक-ऑफिस और निगरानी तंत्र चलाने से उनका खर्च काफी बढ़ जाएगा, जबकि उस अनुपात में ट्रेडिंग वॉल्यूम मिलेगा या नहीं, यह तय नहीं था।

NSE IX को कैसे मिली साढ़े 23 घंटे की मंजूरी?

यहां सबसे बड़ा फर्क रेगुलेशन का है। मुंबई के घरेलू एक्सचेंज SEBI के दायरे में आते हैं, जबकि GIFT City के अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र की देखरेख IFSCA करता है। इसकी स्थापना 27 अप्रैल 2020 को एक अलग कानून के तहत की गई थी। IFSCA ने अपने मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशंस नियमों में संशोधन किया, जो नवंबर 2024 से लागू हुए। 

 

इन नियमों के तहत GIFT City के एक्सचेंज लागत और लाभ का आकलन करके रोजाना अधिकतम साढ़े 23 घंटे तक ट्रेडिंग का समय तय कर सकते हैं। इसके साथ यह शर्त अनिवार्य है कि रिस्क मैनेजमेंट मजबूत रहे, फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट के नुकसान की भरपाई के लिए नियमित गैप पर पर्याप्त कोलेटरल रखा जाए। इसके अलावा दिन में कम से कम एक बार सेटलमेंट जरूर हो। इसी अलग कानूनी ढांचे की वजह से NSE IX यह बदलाव लागू कर पाया।

क्या मुंबई का बाजार भी रात भर खुलेगा?

सैद्धांतिक रूप से ऐसा संभव है लेकिन सिर्फ समय बढ़ाना काफी नहीं होगा। अंतरराष्ट्रीय खबरों पर तुरंत प्रतिक्रिया देने और जोखिम को बेहतर ढंग से मैनेज करने जैसे फायदों के बावजूद, लंबे समय तक बाजार खुले रखने के अपने जोखिम हैं। यदि ज्यादा समय में खरीदार और बिकवाली कम हुए तो खरीद और बिक्री के भाव का अंतर बढ़ सकता है। इससे आम निवेशकों को महंगे भाव पर शेयर खरीदने और सस्ते में बेचने का नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसके अलावा, दिन-रात बाजार खुले रहने से खुदरा निवेशकों पर लगातार ट्रेडिंग का दबाव और खर्च भी बढ़ेगा।

 

यह भी पढ़ें: Nvidia में जेनसन हुआंग की वापसी नहीं, चेयरमैन ने इस्तीफा किया मंजूर

 

दरअसल, बाजार को ज्यादा घंटों तक खुला रखना और उसे सुरक्षित तरीके से चलाना दो बिल्कुल अलग बातें हैं। GIFT City का यह मॉडल वैश्विक पूंजी को आकर्षित करने के लिए एक बेहतरीन प्रयोग जरूर है लेकिन करोड़ों घरेलू निवेशकों, हजारों ब्रोकरों और क्लियरिंग सिस्टम को साथ लिए बिना इसे सीधे मुंबई के बाजारों पर लागू नहीं किया जा सकता।