अमेरिका की बड़ी टेक कंपनी डेल टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और CEO माइकल डेल और उनकी पत्नी सुसान डेल ने देश के करोड़ों बच्चों के लिए बड़ी आर्थिक मदद का ऐलान किया है। दोनों ने घोषणा की है कि 'ट्रंप अकाउंट' खुलवाने वाले पहले 2.5 करोड़ योग्य बच्चों को उनकी ओर से 250-250 डॉलर दिए जाएंगे। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 21 हजार रुपये बैठती है।
माइकल डेल ने यह घोषणा अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के जरिए की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही निवेश और बचत से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य में शिक्षा, घर खरीदने या कारोबार शुरू करने जैसे बड़े लक्ष्यों के लिए आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। डेल दंपति ने इसे सरकार और निजी क्षेत्र की साझेदारी का महत्वपूर्ण कदम बताया है।
यह भी पढ़ें: माया टाटा संभालेंगी वेस्टसाइड की कमान, जानें कौन हैं टाटा ग्रुप की नई लेडी बॉस?
माइकल डेल ने एक्स पर लिखा, 'आज अमेरिका के 250वें जन्मदिन के मौके पर, मैं और सुसान मिलकर पहले 2.5 करोड़ योग्य अमेरिकी बच्चों को 250-250 डॉलर दे रहे हैं, जो @InvestAmerica24 के @TrumpAccounts के लिए साइन अप करेंगे। इस पहल के जरिए हर बच्चे को दुनिया की सबसे बड़ी समृद्धि पैदा करने वाली ताकत अमेरिकी पूंजीवाद में हिस्सेदार बनाया जा रहा है।'
उन्होंने आगे लिखा, 'यह सरकार और निजी क्षेत्र की साझेदारी है, जिसका मकसद अगली पीढ़ी को देश की अर्थव्यवस्था में भागीदारी देना और उन्हें 'अमेरिकन ड्रीम' पूरा करने का मौका देना है। यानी अच्छी शिक्षा, अपना पहला घर खरीदना, कारोबार शुरू करना और लंबे समय तक संपत्ति बनाना। यह पहल हर बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए उम्मीद और भरोसा पैदा करती है। अमेरिका के 250वें जन्मदिन की सभी को शुभकामनाएं!'
यह भी पढ़ें: 283 अरब डॉलर का व्यापार घाटा, सर्विस सेक्टर ने कैसे संभाला देश? आंकड़ों से समझिए
क्या है 'ट्रंप अकाउंट' योजना?
ट्रंप अकाउंट अमेरिका सरकार की एक खास निवेश योजना है, जो बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। इस योजना के तहत 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2028 के बीच जन्म लेने वाले हर पात्र अमेरिकी बच्चे के खाते में सरकार शुरुआत में 1,000 डॉलर जमा करेगी। इस खाते को बच्चे के माता-पिता संभालेंगे लेकिन बच्चा 18 साल का होने के बाद ही इसमें जमा पैसे का इस्तेमाल कर सकेगा। अगर परिवार चाहे तो वह हर साल इस खाते में 5,000 डॉलर तक और भी जमा कर सकता है। इस खाते में जमा रकम को अमेरिकी शेयर बाजार के इंडेक्स फंड में निवेश किया जाएगा, ताकि लंबे समय में अच्छा रिटर्न मिल सके और बच्चे के भविष्य के लिए बेहतर फंड तैयार हो सके।
10 साल तक के बच्चों के लिए अलग मदद
सरकार की ओर से मिलने वाले 1,000 डॉलर केवल नवजात बच्चों के लिए हैं। वहीं माइकल और सुसान डेल ने 10 वर्ष या उससे कम उम्र के उन बच्चों को 250 डॉलर देने की घोषणा की है, जो ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं, जहां औसत पारिवारिक आय 1.5 लाख डॉलर या उससे कम है। इस पहल का मकसद उन बच्चों को भी निवेश का मौका देना है, जो सरकारी शुरुआती अनुदान के दायरे में नहीं आते। सुसान डेल का कहना है कि यह योजना सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बच्चों में यह भरोसा भी पैदा करेगी कि उनका देश उनके भविष्य को लेकर गंभीर है।
यह भी पढ़ें: सबसे कम खतरा किन स्टार्टअप में होता है? सोच समझकर चुनें, नहीं डूबेगा पैसा
बच्चों के भविष्य में बड़ा निवेश
डेल दंपति इससे पहले भी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए 6.25 अरब डॉलर से ज्यादा की मदद देने का वादा कर चुके हैं। उनकी संस्था पिछले 25 सालों से शिक्षा, स्वास्थ्य और लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि यह योजना आने वाले समय में करोड़ों अमेरिकी बच्चों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगी। हालांकि, इस योजना की असली सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि निवेश कितना अच्छा प्रदर्शन करता है और कितने परिवार इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।


