साइबर फ्रॉड से लोगों को बचाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) डिजिटल बैंकिंग में 'Stop Switch' नाम का एक नया सुरक्षा फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, इस बटन को दबाने का मतलब यह बिल्कुल नहीं होगा कि आपका बैंक खाता पूरी तरह लॉक हो गया है और उससे एक भी रुपया बाहर नहीं जाएगा।

 

क्या है पूरा मामला? अक्सर लोगों को लगता है कि बैंक अकाउंट में इमरजेंसी लॉक या Stop Switch दबाते ही हर तरह का लेनदेन बंद हो जाता है। लेकिन RBI के ड्राफ्ट नियमों के मुताबिक, यह सुविधा केवल ग्राहक की तरफ से होने वाले नए खर्चों और फंड ट्रांसफर को रोकने के लिए है। बैंक की अपनी वसूली और आपके पुराने ऑटो-पे निर्देश पहले की तरह चलते रह सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: स्कॉटलैंड में बनी तो स्कॉच, कहीं और बनी तो व्हिस्की, इसका क्या गणित है?

Stop Switch दबाने के बाद भी कौन से पैसे कटेंगे?

RBI के प्रस्तावित नियमों में तीन तरह के भुगतानों को Stop Switch के दायरे से बाहर रखा गया है। पहला, अगर आपके खाते से हर महीने होम लोन या पर्सनल लोन की किस्त कटती है तो वह Stop Switch ऑन होने के बाद भी कटती रहेगी। इसके अलावा, मिनिमम बैलेंस न रखने जैसे बैंक के बकाया चार्ज की वसूली भी जारी रहेगी।

 

दूसरा, नेटफ्लिक्स (Netflix), बिजली का बिल या बीमा प्रीमियम के लिए जो ऑटो-पे निर्देश आपने पहले से सेट कर रखे हैं। वह अपने आप बंद नहीं होंगे। तीसरा, अगर आपने बैंक को पहले से निर्देश दे रखा है कि हर महीने एक तय तारीख को किसी दूसरे खाते में पैसे ट्रांसफर हो जाएं तो वह प्रक्रिया भी जारी रह सकती है।

तो फिर Stop Switch से रुकेगा क्या?

इस फीचर का मुख्य मकसद यह है कि अगर किसी ठग के हाथ आपके बैंकिंग पासवर्ड या डिटेल्स लग जाएं तो वह आपके खाते से नए सिरे से पैसे न निकाल सके। इसके एक्टिव होने पर कुछ काम तुरंत रुक जाएंगे। जैसे आप या कोई अन्य व्यक्ति आपके खाते से नए UPI ट्रांसफर, NEFT या किसी नए खाते में पैसे नहीं भेज पाएगा। Stop Switch ऑन रहने के दौरान किसी नई बीमा पॉलिसी या ऐप के लिए नया ऑटो-डेबिट मैंडेट नहीं बनाया जा सकेगा। अगर आप पहले से Google Pay या PhonePe चला रहे हैं, तो वे ऐप फोन में रजिस्टर तो रहेंगे लेकिन आप उनसे नया पेमेंट नहीं कर पाएंगे। सिर्फ पुराने ऑटो-पे कट सकते हैं। साथ ही, आप अपने बैंक खाते को किसी नए थर्ड-पार्टी UPI ऐप पर रजिस्टर भी नहीं कर पाएंगे। इस दौरान आपकी सैलरी या किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा भेजा गया पैसा आपके खाते में आराम से आ सकेगा।

एक उदाहरण से समझिए

मान लीजिए राहुल के बैंक खाते में 2 लाख रुपये हैं। उसे शक होता है कि उसका फोन हैक हो गया है और वह तुरंत Stop Switch दबा देता है। अब कोई भी ठग उसके खाते से नया UPI या बैंक ट्रांसफर करके पैसे नहीं उड़ा पाएगा। लेकिन, अगर उसी दिन उसके होम लोन की 25,000 रुपये की EMI या पहले से लगा हुआ बिजली बिल का ऑटो-पे कटने की तारीख है, तो वे पैसे खाते से कट जाएंगे। 

इसको दोबारा बंद कैसे किया जाएगा?

RBI ने इस बात का भी ध्यान रखा है कि अगर किसी ने आपका फोन हैक कर लिया है तो वह आसानी से Stop Switch को बंद करके पैसे न निकाल ले। इसे हटाने के लिए आपको को दोबारा मजबूत वेरिफिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके अलावा, बैंक जोखिम को देखते हुए कुछ समय का 'कूलिंग पीरियड' भी लागू कर सकते हैं, जिसके बाद ही सामान्य लेनदेन दोबारा शुरू होगा। 

 

यह भी पढ़ें: टाटा संस की लड़ाई: चंद्रशेखरन की नियुक्ति का विरोध, टाटा ट्रस्ट हाई कोर्ट पहुंचा

 

यहां यह साफ समझना जरूरी है कि Stop Switch अभी बैंकों में शुरू नहीं हुआ है। RBI ने फिलहाल इसका ड्राफ्ट जारी किया है। इस पर आम लोगों और विशेषज्ञों से सुझाव मांगे हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, इन नियमों को 1 जुलाई 2027 से लागू करने की योजना है, हालांकि बैंक चाहें तो इसे पहले भी शुरू कर सकते हैं। अंतिम नियमों में कुछ बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं।