सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक को मेटा (Meta) चलाती है। मेटा दुनिया की टॉप दस कंपनियों में शुमार की जाती है। इसी मेटा ने भारत की बड़ी कंपनी 'क्रेड' में बड़ा निवेश करने का एलान कर दिया है। आधिकारिक खबरों के मुताबिक, मेटा कंपनी क्रेड में 8,550 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। खुद क्रेड कंपनी ने सोमवार (22 जून) को जानकारी देते हुए बताया कि वह मेटा की अगुवाई में फंडिंग के जरिये 8,550 करोड़ रुपये जुटाएगी।

 

इस डील के बाद मेटा ने एक और बड़ा फैसला किया है। मेटा ने क्रेड के CEO कुणाल शाह को अपने स्वामित्व वाली मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप की भी कमान सौंपी है। कुणाल शाह व्हाट्सएप के ग्लोबल CEO होंगे।  

 

यह भी पढ़ें: सोने चांदी के दाम में बड़ी गिरावट, आपके शहर में क्या हैं नई दरें?

कुणाल शाह ने क्या कहा?

क्रेड ने एक बयान में कहा कि कुणाल शाह मेटा की वैश्विक नेतृत्व वाली टीम में शामिल होंगे। इसके साथ ही क्रेड में अपनी व्यक्तिगत हिस्सेदारी बनाए रखेंगे। कुणाल शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, 'क्रेड टीम, मैं आपसे 10 गुना बेहतर संस्करण बनने की उम्मीद रखूंगा। जहां तक ​​मेरी बात है, मैं व्हाट्सएप को वैश्विक स्तर पर अगुवाई करने के लिए मेटा से जुड़ूंगा। हालांकि, यह काफी आगे आ चुका है लेकिन आज के व्हाट्सएप और इसकी पूरी क्षमता के बीच बहुत बड़ा अंतर है।'

 

 

 

मार्क जुकरबर्ग ने कुणाल का किया स्वागत

मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक पर लिखा, 'कुणाल शाह व्हाट्सएप की अगुवाई के तौर पर मेटा से जुड़ेंगे। कुणाल ने क्रेड को भारत की सबसे अहम प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक बनाया है। उनमें ऐसी सोच और वैश्विक नजरिया है जो दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग ऐप को चलाने में उनके काम आएगा। मैं कुणाल के साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं ताकि व्हाट्सएप को अरबों लोगों और लाखों कंपनियों के लिए सबसे अच्छी सेवा बनाया जा सके।'

मितेन संपत क्रेड के अंतरिम CEO नियुक्त

इस बदलाव के बाद मितेन संपत को तत्काल प्रभाव से क्रेड का अंतरिम CEO नियुक्त किया गया है। मितेन 2020 से कंपनी के लिए रणनीति और वित्त का काम संभाल रहे हैं। कंपनी ने कहा, 'क्रेड अपने तेजी से आगे बढ़ने की योजना के तहत मेटा की अगुवाई में ‘सीरीज एच’ दौर में 8,550 करोड़ रुपये (90 करोड़ डॉलर) जुटाएगी। यह पैसे प्राथमिक और द्वितीयक शेयर खरीद के जरिये जुटाए जाएंगा।'

 

यह भी पढ़ें: कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस ही काफी नहीं, पर्सनल बीमा है जरूरी, समझिए क्यों

कुणाल शाह की पढ़ाई

क्रेड एक फानेंशियल सर्विस देने वाली कंपनी है। इसका मुख्यालय बेंगलुरु में है। कुणाल शाह ने मुंबई के विल्सन कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। उनका विषय फिलॉसफी रहा है। इसके बाद उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की, लेकिन उसे बीच में ही छोड़ दिया। अपने दिए गए कई इंटरव्यू में उन्होंने बताया है कि जब वे बहुत छोटे थे तभी से उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ काम करना भी शुरू कर दिया था।